Gorakhpur

रामगढ़ताल में दो स्पीड बोट टकराईं, युवक की मौत, 8 घायल, सूर्यास्त के बाद बोटिंग पर रोक

नौका विहार में प्लेटफॉर्म नंबर 4 और 5 के पास हुआ हादसा, एक बोट पर 9 तो दूसरी पर सवार थे 6 लोग, पुलिस ने दोनों चालकों के खिलाफ दर्ज की FIR, डीएम ने तीन दिन में रिपोर्ट देने के लिए बनाई जांच कमेटी

गोरखपुर, 27 जुलाई 2026:

गोरखपुर के रामगढ़ताल स्थित नौका विहार में रविवार रात दो स्पीड बोट की टक्कर में 20 साल के युवक की मौत हो गई। हादसे में 8 लोग घायल हुए हैं। मृतक की पहचान लखमुद्दीन के रूप में हुई है। उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा कर्मियों ने घायलों को बोट से बाहर निकाला, जिसके बाद सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया।

एक बोट पर कुशीनगर से आए परिवार के 9 लोग थे सवार

कुशीनगर जिले के हाटा थाना क्षेत्र के अजीजनगर निवासी लखमुद्दीन अंसारी अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ गोरखपुर आया था। उसके साथ लखमुद्दीन के साथ उसके बड़े भाई सलाउद्दीन,बहन नाजिया, मौसी का बेटा कयामुद्दीन, कयामुद्दीन का चार वर्षीय बेटा हमजा,पत्नी रुक्साना खातून, बेटियां नूरसभा, गुलसभा और सनाया इसके अलावा उसके दोस्त सुहेल और एक अन्य युवक था। रात करीब नौ बजे परिवार नौका विहार पहुंचा। यहां घूमने के बाद परिवार के कुछ लोगों ने बोटिंग करने का फैसला किया। प्लेटफॉर्म नंबर 5 से टिकट लेकर लोग बोट पर सवार हुए। इस दौरान बोट में कुल 9 लोग बैठ गए।

ये भी पढ़ें:

सामने से आई स्पीड बोट ने मारी टक्कर

बताया गया कि बोट के चलने के कुछ ही देर बाद प्लेटफॉर्म नंबर 4 की तरफ से दूसरी स्पीड बोट सामने आ गई। दोनों बोट की जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बोट पर 6 लोग सवार थे। टक्कर लगते ही बोट में बैठे लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद शुरू की। सुरक्षा कर्मियों ने सभी को बाहर निकाला।

सिर में लगी गंभीर चोट ने ली युवक की जान

हादसे के बाद पुलिस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। लखमुद्दीन के सिर में गंभीर चोट लगी थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार के मुताबिक, लखमुद्दीन 12वीं का छात्र था। वह आगे ITI में एडमिशन लेने की तैयारी कर रहा था। हादसे में एक बच्चे के सिर में भी चोट आई है। वह अपने पिता के साथ कुशीनगर से घूमने आया था। घायल कयामुद्दीन ने बताया कि उनके कंधे में चोट लगी है। उनके बेटे को भी चोट आई है। उन्होंने बताया कि हादसे में तीन लोगों को ज्यादा चोट लगी है। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।
gorakhpur-ramgarh-tal-speed-boat-accident-one-dead-eight-injured (2)

हादसे के बाद टिकट लेकर भी बिना बोटिंग लौट गए अन्य लोग

टक्कर के बाद कुछ देर तक किसी को समझ नहीं आया कि क्या किया जाए। लोग चीखते हुए इधर-उधर भागने लगे थे। घायलों के सिर से खून निकल रहा था। घटना का मंजर देखकर वहां मौजूद लोग भी घबरा गए। कई लोगों ने बोटिंग के लिए टिकट ले रखा था, लेकिन घटना के बाद उन्होंने बोटिंग नहीं की और वापस लौट गए।

डीएम ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई

हादसे के बाद डीएम दीपक मीणा ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। इसमें GDA, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी शामिल किए गए हैं। कमेटी को तीन दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। हादसे के कारणों के साथ बोट संचालन में सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जाएगी।

सूर्यास्त के बाद अब नहीं होगी बोटिंग

घटना के बाद GDA ने रामगढ़ताल में बोटिंग के समय को लेकर बड़ा फैसला लिया है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने कहा कि अब सूर्यास्त के बाद रामगढ़ताल में बोटिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन का यह फैसला हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लिया गया है। वहीं बोट संचालकों के लाइसेंस भी निरस्त किया जाएगा।
gorakhpur-ramgarh-tal-speed-boat-accident-one-dead-eight-injured (3)

पुलिस बोली, बोट पलटने से नहीं हुई मौत, चालकों पर FIR दर्ज

मृतक के भाई सलाउद्दीन की तहरीर पर पुलिस ने दोनों बोट चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान कुशीनगर निवासी अभिषेक साहनी और जंगल काकौड़िया निवासी अभिषेक गोंड के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक एक चालक को पकड़ लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश के लिए टीम लगाई गई है। SP City निमिष पाटिल ने बताया कि हादसे में कोई बोट पलटी नहीं थी। दोनों बोट की टक्कर के दौरान लखमुद्दीन के सिर में चोट लगी थी, जिससे उसकी मौत हुई। पुलिस ने दोनों चालकों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। मामले में आगे की जांच चल रही है।

ये भी पढ़ें  अफवाहों से बचें, घबराएं नहीं : CM योगी बीले... गैस सिलेंडर और पेट्रोल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button