Uttar Pradesh

रामनवमी पर योगी सरकार का बड़ा फैसला : UP में 26 के साथ 27 मार्च को भी सार्वजनिक अवकाश घोषित

मंदिरों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए लिया गया निर्णय, पहले केवल 26 मार्च को घोषित हुआ था सार्वजनिक अवकाश, हाईकोर्ट ने बदली छुट्टी की तारीख

लखनऊ, 25 मार्च 2026:

रामनवमी के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए 26 मार्च के पहले से घोषित सार्वजनिक अवकाश के साथ अब 27 मार्च को भी छुट्टी घोषित कर दी है। यह निर्णय प्रदेश भर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।

हर वर्ष रामनवमी पर लाखों श्रद्धालु मंदिरों में पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इससे भीड़ प्रबंधन प्रशासन के लिए चुनौती बन जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अतिरिक्त अवकाश का निर्णय लिया है जिससे श्रद्धालुओं को सुविधाजनक तरीके से दर्शन का अवसर मिल सके और प्रशासन को व्यवस्थाएं संभालने में राहत मिले।

सरकार का मानना है कि लगातार दो दिन की छुट्टी से लोगों को न केवल धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने का अधिक समय मिलेगा बल्कि यात्रा और दर्शन भी सुगम हो सकेंगे। इसके साथ ही प्रशासन को सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण के बेहतर इंतजाम करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस फैसले को सरकार द्वारा आस्था और परंपराओं के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है। इससे श्रद्धालुओं में भी खुशी का माहौल है।

उधर, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने भी रामनवमी अवकाश की तारीख में बदलाव किया है। पहले जहां 26 मार्च को अवकाश घोषित था, अब इसे बदलकर 27 मार्च कर दिया गया है। महानिबंधक द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 26 मार्च को हाई कोर्ट और लखनऊ खंडपीठ में कार्यदिवस रहेगा जबकि 27 मार्च को अवकाश रहेगा।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button