Uttar Pradesh

शिक्षा में भी ‘नया यूपी’! सरकार ने विश्वविद्यालयों को दिलाई ए++ पहचान… अब कॉलेजों की बारी

नैक रैंकिंग में चमके यूपी के विश्वविद्यालय, अब कॉलेजों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने की तैयारी, योगी सरकार का नया एजुकेशन मिशन शुरू

लखनऊ, 11 मई 2026:

यूपी की योगी सरकार अब उच्च शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता और वैश्विक पहचान का नया अध्याय लिख रही है। कभी नेशनल असेसमेंट एंड एक्रेडिएशन काउंसिल (नैक) की रैंकिंग में बी और बी-प्लस ग्रेड तक सीमित रहने वाले प्रदेश के विश्वविद्यालय आज ए++, ए+ और ए ग्रेड हासिल कर देशभर में अपनी मजबूत पहचान बना चुके हैं। अब सरकार ने अगला बड़ा लक्ष्य तय करते हुए प्रदेश के डिग्री कॉलेजों को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में स्थापित करने की रणनीति तैयार कर ली है।

प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने विधानसभा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि योगी सरकार का फोकस अब केवल विश्वविद्यालयों तक सीमित नहीं रहेगा। प्रदेश के डिग्री कॉलेजों को भी नैक और अन्य प्रतिष्ठित रैंकिंग दिलाने के लिए व्यापक अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके तहत कॉलेजों के प्राचार्यों और शिक्षकों के लिए विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है जिससे संस्थानों में गुणवत्ता सुधार, शोध संस्कृति, डिजिटल शिक्षा, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और छात्र सुविधाओं को मजबूत किया जा सके।

मंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप पाठ्यक्रमों का विकास, रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा और छात्र संख्या में वृद्धि भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। योगी सरकार का उद्देश्य प्रदेश को केवल सबसे अधिक विश्वविद्यालयों वाला राज्य बनाना नहीं बल्कि गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का राष्ट्रीय केंद्र बनाना है।
योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव हुए हैं।

उन्होंने बताया कि योगी सरकार के आने से पहले प्रदेश के अधिकांश विश्वविद्यालय नैक रैंकिंग में बी या बी-प्लस ग्रेड तक ही सीमित थे और कोई भी विश्वविद्यालय ए श्रेणी तक नहीं पहुंच पाया था। इस बीच राज्यपाल एवं विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति के नेतृत्व में आयोजित विशेष कार्यशालाओं और लगातार मॉनिटरिंग का परिणाम यह हुआ कि आज प्रदेश के सात विश्वविद्यालय नैक की ए++ रैंकिंग प्राप्त कर चुके हैं। इसके अलावा चार विश्वविद्यालय ए+ और दो विश्वविद्यालय ए ग्रेड हासिल कर चुके हैं।

उन्होंने कहा कि पहले जहां बी ग्रेड को उपलब्धि माना जाता था वहीं अब प्रदेश के विश्वविद्यालय उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। इतना ही नहीं यूपी की उच्च शिक्षा अब वैश्विक मंच पर भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही है। मंत्री ने बताया कि प्रदेश के दो विश्वविद्यालय क्यूएस वर्ल्ड रैंकिंग में शामिल हो चुके हैं। छह विश्वविद्यालय क्यूएस एशिया रैंकिंग में स्थान बना चुके हैं। साथ ही तीन विश्वविद्यालय यूजीसी ग्रेड-1 श्रेणी में भी पहुंच गए हैं।

योगी सरकार अब इसी सफलता मॉडल को डिग्री कॉलेजों तक पहुंचाकर उत्तर प्रदेश को देश की सबसे मजबूत और प्रतिस्पर्धी उच्च शिक्षा व्यवस्था वाला राज्य बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button