हरेंद्र धर दुबे
गोरखपुर, 27 मार्च 2026:
गोरखपुर में प्रवास के तीसरे दिन सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन लगाया। इस दौरान पूर्वांचल के कई जिलों से पहुंचे करीब 200 लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान कानपुर से आई एक बच्ची ने उन्हें खिलौना बुलडोजर दिया। सीएम ने उसके साथ फोटो खिंचाकर मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी।

सीएम ने जनता दर्शन में आए लोगों की समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों को जरूरी निर्देश दिए गए। जनता दर्शन में खासतौर पर कमजोर तबके के लोगों ने दबंगों द्वारा डराने-धमकाने की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अफसरों को साफ निर्देश दिए कि गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि अगर कोई आरोपी जमानत पर बाहर आकर वादी को धमका रहा है तो उसकी जमानत निरस्त कराने की प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर मामले की जांच ठीक से की जाए और फैसला निष्पक्ष तरीके से हो। साथ ही सभी शिकायतों का समय से निपटारा सुनिश्चित करने को कहा।

जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए लोगों से सीएम ने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। अस्पताल से इलाज का एस्टीमेट मिलते ही सरकार धन उपलब्ध करा देगी। जनता दर्शन में परिजनों के साथ आए बच्चों को मुख्यमंत्री ने दुलारा और उन्हें चॉकलेट दी। कार्यक्रम के दौरान एक अलग तस्वीर भी देखने को मिली। कानपुर से आई पांच साल की बच्ची ने मुख्यमंत्री को खिलौना बुलडोजर भेंट किया। मुख्यमंत्री ने बच्ची से बात की, उसके साथ फोटो खिंचवाई और पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी।






