योगेंद्र मलिक
देहरादून, 27 मार्च 2026:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य में चल रही योजनाओं और आने वाले प्रोजेक्ट्स पर विस्तार से चर्चा की और उत्तराखंड आने का न्योता भी दिया। मुलाकात के दौरान धामी ने केंद्र की तरफ से मिल रहे सहयोग पर आभार जताया। उन्होंने कहा कि इसी सपोर्ट से राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस मौके पर उन्होंने टिहरी की मां सुरकंडा देवी की प्रतिकृति, बद्री गाय का घी, अलग-अलग जिलों की राजमा और शहद भेंट किया।
कुम्भ 2027 की तैयारियों को लेकर धामी ने 500 करोड़ की मदद के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही नदी जोड़ो योजना की स्टडी, राजाजी नेशनल पार्क के चौरासी कुटिया के विकास, पिथौरागढ़ के नैनी सैनी एयरस्ट्रिप, चारधाम यात्रा के लिए हेली सेवा जैसे मुद्दों पर भी सहयोग मिलने की बात कही। ऋषिकेश में बिजली लाइन भूमिगत करने, देहरादून रिंग रोड, मसूरी रोड और चम्पावत बाईपास जैसे प्रोजेक्ट्स का जिक्र भी किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने पर काम चल रहा है। चौपता, दुग्गलबिट्ठा, पटवाडांगर और शारदा कॉरिडोर जैसे इलाकों में तैयारी हो रही है। रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण पहले से ही लोगों की पसंद बने हुए हैं। इसके लिए नई पॉलिसी भी तैयार की जा रही है।

आध्यात्मिक टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए बेल केदार, अंजनीसैंण और लोहाघाट श्यामलाताल को स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन के तौर पर विकसित किया जा रहा है। शीतकालीन यात्रा शुरू होने से श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है। आदि कैलास यात्रा में भी पिछले सालों के मुकाबले बड़ा इजाफा दर्ज हुआ है। यहां हेली सेवा भी शुरू की गई है।
धामी ने एडवेंचर टूरिज्म, लोकल प्रोडक्ट्स और रोजगार के लिए चल रही योजनाओं की जानकारी भी दी। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के जरिए स्थानीय सामान को बड़े बाजार तक पहुंचाया जा रहा है। इसके अलावा शिक्षा और रोजगार से जुड़ी योजनाओं का भी जिक्र किया।
कनेक्टिविटी बढ़ाने पर जोर देते हुए उन्होंने दिल्ली मेरठ रैपिड रेल को हरिद्वार और ऋषिकेश तक बढ़ाने का अनुरोध किया। साथ ही रक्षा उपकरण निर्माण इकाइयों के लिए राज्य में निवेश बढ़ाने की बात रखी। कोटद्वार, हरिद्वार और देहरादून में इंडस्ट्रियल हब बनाने का प्रस्ताव भी सामने रखा गया।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली हल्द्वानी एक्सप्रेसवे बनाने की मांग की। उनका कहना था कि इससे काशीपुर, रुद्रपुर, पंतनगर एयरपोर्ट और जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क तक पहुंच आसान होगी। टिहरी झील में सी प्लेन सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा गया। रेल परियोजनाओं को लेकर ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन, टनकपुर बागेश्वर लाइन, हरिद्वार देहरादून डबलिंग और ऋषिकेश उत्तरकाशी रेल कनेक्टिविटी जैसे मुद्दों पर तेजी लाने की मांग की गई। सीमावर्ती इलाकों को जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
इस दौरान धामी ने उत्तराखंड में होम स्टे योजना, सौर स्वरोजगार योजना, उद्यमशाला योजना और डिजिटल डेटाबेस जैसे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में निवेश और रोजगार बढ़ाने के लिए कई सुधार किए गए हैं।






