राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 27 मार्च 2026:
प्रदेश में एक अप्रैल से प्री-SIR फेज में मैपिंग का सघन अभियान शुरू होगा। इस दौरान कम मैपिंग वाले बूथ पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और डोर-टू-डोर अभियान चलाकर मैपिंग का काम पूरा किया जाएगा। बीएलओ बुक कराने के लिए फोन कॉल की सुविधा भी दी जाएगी।
शुक्रवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में प्री-SIR फेज में 85 प्रतिशत से अधिक मैपिंग का लक्ष्य पूरा हो चुका है। अब अप्रैल से और भी व्यापक अभियान चलाया जाएगा ताकि कम मैपिंग वाले बूथ पर विशेष फोकस किया जा सके।
मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए प्रत्येक बूथ पर एब्सेंट, शिफ्टेड और डेथ (ASD) सूची तैयार की जा रही है। इससे मतदाता सूची और भी गहनता से तैयार होगी। डॉ जोगदंडे ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के नए फीचर बुक ए कॉल विद बीएलओ के जरिए मतदाता अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक कर सकते हैं। इसके लिए मतदाता https://voters.eci.gov.in वेबसाइट पर जाकर बुकिंग कर सकते हैं। दो दिन के भीतर बीएलओ स्वयं संपर्क करेंगे।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से शत प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट्स की नियुक्ति करने का आग्रह किया। वर्तमान में प्रदेश में 11733 पोलिंग बूथों के मुकाबले सभी दलों ने कुल 19116 बीएलए नियुक्त किए हैं। इसमें भारतीय जनता पार्टी 9276, कांग्रेस 9506, सीपीआई (एम) 217 और बीएसपी 117 बीएलए शामिल हैं। इस अवसर पर उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी मौजूद रहे।






