Uttar Pradesh

संगम से लौट रही श्रद्धालुओं की पिकअप ट्राले में घुसी…आठ की मौत, 17 घायल, हादसे पर सीएम दुखी

कौशांबी में हाईवे पर हुआ हादसा, रामनवमी पर मुंडन संस्कार के बाद प्रयागराज से फतेहपुर लौट रहे थे सभी लोग, सीएम ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख, घायलों को 50 हजार की मदद का ऐलान

कौशांबी, 27 मार्च 2026:

कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर शुक्रवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्राले में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप बुरी तरह टूट गई। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हैं।

दुर्घटना सैनी थाना क्षेत्र के डोरमा पेट्रोल पंप के पास हुई। पिकअप में करीब 25 लोग सवार थे। सभी फतेहपुर जिले के मलवां इलाके के बड़ोखर गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ये लोग रामनवमी पर प्रयागराज संगम में स्नान और बच्चे का मुंडन कराकर वापस लौट रहे थे।

WhatsApp Image 2026-03-27 at 8.30.42 PM

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए चार एंबुलेंस लगाई गईं। कई लोगों की हालत रास्ते में ही बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया।

मृतकों में तीन बच्चे, तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। बाकी घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। हादसे के चलते हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। मौके पर कई थानों की पुलिस और अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे की जानकारी ली और गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत और बचाव का काम तेज रखा जाए और घायलों का इलाज ठीक तरीके से कराया जाए। किसी तरह की लापरवाही न हो, इस पर खास ध्यान देने को कहा गया है।

ये भी पढ़ें  भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार की राह फिर खुली, बातचीत के लिए उच्च स्तरीय अमेरिकी टीम दिल्ली पहुंची

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button