
बस्ती, 9 अगस्त 2026:
यूपी के बस्ती जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान मादक पदार्थों की तस्करी व बिक्री के खिलाफ अभियान में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हरैया पुलिस ने रविवार तड़के ‘महाकाल रेस्टोरेंट’ के मालिक एवं नगर पंचायत के नामित सभासद शनि कुमार उर्फ रवि सोनकर को 10 किलोग्राम गांजा और 1,200 रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी हरैया मनोरामा नदी पुल के पास रोडवेज बस स्टॉप से की गई।

पुलिस के मुताबिक टीम रोडवेज बस स्टॉप के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जानकारी मिली कि पास के महाकाल रेस्टोरेंट का मालिक कांवड़ियों को गांजा बेच रहा है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार की टीम ने तड़के रेस्टोरेंट पर छापा मारा। तलाशी के दौरान शनि कुमार के पास से 5-5 किलोग्राम के दो पैकेटों में कुल 10 किलो गांजा और नकदी बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कांवड़ यात्रा दौरान अधिक मुनाफा कमाने के लिए नेपाल से गांजा लाता था। उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर कांवड़ियों व राहगीरों को बेचता था। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। हरैया पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया है।
सभासद नामित किए जाने पर उठे थे सवाल
खास बात यह है कि शनि कुमार उर्फ रवि को नगर पंचायत का सभासद नामित किए जाने पर पहले भी स्थानीय स्तर पर विरोध हुआ था। उनके मनोनयन को लेकर स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाए थे। पूर्व में गांजा तस्करी और अवैध बिक्री के आरोपों के बावजूद सभासद बनाए जाने को लेकर सोशल मीडिया पर भी कई दिनों तक चर्चा और सत्ता संरक्षण के आरोप लगते रहे थे। अब गिरफ्तारी के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।






