लखनऊ, 30 मार्च 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में सोमवार को कला और संस्कृति का एक अनूठा संगम देखने को मिला। कंबोडिया की राजदूत रथ मैनी ने राज्य ललित कला अकादमी का दौरा किया। उनके आगमन ने कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय महत्व प्रदान किया और कलाकारों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर अकादमी में एक विशेष कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के वरिष्ठ विजुअल आर्ट कलाकारों की उत्कृष्ट कृतियों को प्रदर्शित किया गया। राजदूत रथ मैनी ने प्रदर्शनी में लगी विभिन्न कलाकृतियों का गहन अवलोकन किया और कलाकारों से सीधे संवाद कर उनकी रचनात्मक प्रक्रिया और विचारों को समझा।

भारतीय कला की विविधता और गहराई से प्रभावित होकर उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल कलाकारों को मंच देते हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक संवाद को भी मजबूती प्रदान करते हैं। प्रदर्शनी में वरिष्ठ छायाकार अनिल रिसाल और वाटर कलर कलाकार अनिल शर्मा की कृतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
इसके अलावा ‘फ्रॉम अवेकनिंग टू इनलाइटमेंट’ थीम पर महात्मा बुद्ध पर आधारित चित्रों ने भी दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। इस दौरान राजदूत को प्रदेश में कला और संस्कृति के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी गई।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन भारत और कंबोडिया के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करते हैं। प्रदेश के कलाकारों को वैश्विक पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने बताया कि सरकार कलाकारों को प्रोत्साहन और बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।






