Uttar Pradesh

गाजियाबाद को मिला मेगा प्रोजेक्ट…इंटरनेशनल स्टेडियम के साथ बनेगा इंटीग्रेटेड अर्बन हब

2200 करोड़ से राजनगर एक्सटेंशन में 417 एकड़ में तैयार होगा प्रोजेक्ट, स्टेडियम के साथ एरोसिटी भी विकसित होगी, 30 हजार क्षमता वाले स्टेडियम से पश्चिमी यूपी को पहली बार अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी का मौका

लखनऊ, 10 अप्रैल 2026

गाजियाबाद को बड़े अर्बन डेवलपमेंट हब के तौर पर विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। करीब 2200 करोड़ रुपये की लागत से इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और एरोसिटी प्रोजेक्ट जमीन पर उतरने के करीब है। इस योजना के शुरू होते ही शहर की तस्वीर बदलने की उम्मीद जताई जा रही है।

यह प्रोजेक्ट राजनगर एक्सटेंशन के मोर्टी इलाके में तैयार होगा। कुल 417 एकड़ जमीन पर खेल, व्यापार, पर्यटन और रहने की सुविधाओं को एक साथ विकसित किया जाएगा। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के मुताबिक, इसमें 37 एकड़ में करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनेगा, जबकि आसपास 380 एकड़ में लगभग 1800 करोड़ रुपये से एरोसिटी बसाई जाएगी।

स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मानकों के हिसाब से डिजाइन किया जा रहा है। इसमें 30 हजार से ज्यादा दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। हाईटेक लाइटिंग, मॉडर्न मीडिया सेंटर और बेहतर सुविधाएं इसे बड़े मैचों के लिए तैयार करेंगी। इसके बनने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी का मौका मिलेगा।

WhatsApp Image 2026-04-10 at 4.13.26 PM

स्टेडियम के आसपास बनने वाली एरोसिटी इस प्रोजेक्ट का अहम हिस्सा होगी। यहां बड़े होटल, लक्जरी रिजॉर्ट, शॉपिंग मॉल, रिटेल जोन, ऑफिस स्पेस और हाईटेक बिजनेस हब विकसित किए जाएंगे। एयरपोर्ट के करीब होने की वजह से यह इलाका निवेशकों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकता है।

इस प्रोजेक्ट में सिर्फ खेल या व्यापार ही नहीं, बल्कि रहने और मनोरंजन की भी पूरी व्यवस्था रखी गई है। इसमें स्पोर्ट्स एकेडमी, स्मार्ट रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स, ग्रीन स्पेस और आउटडोर खेल सुविधाएं शामिल होंगी, ताकि यह इलाका एक पूरा लाइफस्टाइल डेस्टिनेशन बन सके।

बताया जा रहा है कि इस योजना का खाका 2014-15 में तैयार हुआ था, लेकिन लंबे समय तक यह आगे नहीं बढ़ सका। अब इसे प्राथमिकता में रखते हुए तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और जल्द ही शिलान्यास की संभावना है।

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद इसे यूपी क्रिकेट एसोसिएशन के साथ जॉइंट वेंचर मॉडल पर विकसित किया जाएगा। प्रोजेक्ट पूरा होने पर निर्माण, होटल, रिटेल और सर्विस सेक्टर में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। साथ ही इस इलाके में निवेश बढ़ने की भी उम्मीद है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button