स्पोर्ट्स डेस्क, 25 अप्रैल 2026:
बंगलूरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हरा दिया। 206 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए RCB ने 18.5 ओवर में पांच विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। टीम के लिए विराट कोहली ने 81 और देवदत्त पडिक्कल ने तेज 55 रन बनाकर मैच की दिशा बदल दी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 205 रन बनाए। साई सुदर्शन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 58 गेंदों में 100 रन ठोके। उनकी पारी में 11 चौके और पांच छक्के शामिल रहे। कप्तान शुभमन गिल ने 32 रन जोड़े, जबकि जोस बटलर ने 25 रन बनाए। अंत में जेसन होल्डर ने 10 गेंदों पर 23 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB की शुरुआत ठीक नहीं रही। जैकब बेथेल जल्दी आउट हो गए, लेकिन इसके बाद कोहली और पडिक्कल ने पारी संभाली। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 115 रन की साझेदारी हुई, जिसने मैच को पूरी तरह RCB के पक्ष में झुका दिया। पडिक्कल ने 27 गेंदों में 55 रन बनाए, जिसमें छह छक्के शामिल रहे।
कोहली ने 44 गेंदों में 81 रन की पारी खेली और अंत तक टीम को मजबूती दी। बाद में टिम डेविड और क्रुणाल पांड्या ने बिना दबाव लिए मैच खत्म किया। क्रुणाल 23 रन बनाकर नाबाद रहे। गुजरात की गेंदबाजी में राशिद खान ने दो विकेट लिए, जबकि जेसन होल्डर और मानव सुथार को एक-एक सफलता मिली।
इस जीत के साथ RCB ने इस सीजन में चौथी बार अपने घरेलू मैदान पर जीत दर्ज की। साथ ही आईपीएल इतिहास में यह चिन्नास्वामी स्टेडियम में टीम की 50वीं जीत रही। RCB ने पांचवीं बार 200 से ज्यादा रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया और इस मामले में राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की बराबरी कर ली।






