Uttarakhand

UBSE रिजल्ट : साधारण परिवार के चेहरे चमके… 10वीं में अक्षत, 12वीं में गीतिका-सुशीला टॉपर

2.15 लाख छात्रों का इंतजार खत्म, टॉपर्स में कई जिलों की भागीदारी, संघर्ष और मेहनत की कहानियां भी आईं सामने, सीएम ने दी जोश भरी बधाई

न्यूज डेस्क

देहरादून, 25 अप्रैल 2026:

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने शनिवार सुबह हाईस्कूल और इंटरमीडिएट 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया। रामनगर में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत की मौजूदगी में बोर्ड के सभापति और माध्यमिक शिक्षा निदेशक मुकुल सती ने परिणाम घोषित किए। हाईस्कूल में अक्षत गुप्ता तो इंटर में गीतिका पंत ने बाजी मारी। सीएम धामी ने सफल छात्रों को बधाई दी है।

आज जारी हाईस्कूल रिजल्ट में रामनगर के एमपी हिंदू इंटर कॉलेज के छात्र अक्षत गोपाल ने 500 में से 491 अंक हासिल कर 98.20 प्रतिशत के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर उत्तरकाशी के इशांत कोठारी और नैनीताल की भूमिका 98 प्रतिशत अंक के साथ संयुक्त रूप से रहे। तीसरे स्थान पर बागेश्वर के योगेश जोशी ने 97.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। चौथे स्थान पर श्रीनगर पौड़ी गढ़वाल के शशांक पुरोहित 97.20 प्रतिशत अंक के साथ रहे। पांचवें स्थान पर 96.80 प्रतिशत अंक के साथ रुड़की के लविश, देहरादून के आदित्य कुमार विश्वकर्मा, उत्तरकाशी के प्रांजल सिंह, नैनीताल के देवेश जोशी और ऊधमसिंह नगर की कंचन जोशी शामिल रहे।

ये भी पढ़ें:

अक्षत ने शेड्यूल बनाकर की पढ़ाई और कमाल कर दिया

Advertisement

अक्षत गोपाल साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता एक निजी स्कूल में पढ़ाते हैं और मां गृहिणी हैं। अक्षत ने बिना किसी कोचिंग के घर पर ही पढ़ाई की। उन्होंने बताया कि वह सामान्य दिनों में रोज 2 से 3 घंटे पढ़ाई करते थे और परीक्षा के समय इसे बढ़ाकर 4 से 5 घंटे कर दिया। विषयों का शेड्यूल बनाकर तैयारी करना उनकी सफलता का आधार रहा। टॉपर बनने की जानकारी उन्हें स्कूल के ग्रुप से मिली। अक्षत आगे इंटर में पीसीएम लेकर बीटेक करने की योजना बना रहे हैं।

UBSE Result 2026 Top Performers in Class 10th and 12th (1)

बागेश्वर की गीतिका ने इंटर में परचम लहराया

इंटरमीडिएट में बागेश्वर की गीतिका पंत और ऊधमसिंह नगर की सुशीला मेहंदीरत्ता ने 500 में से 490 अंक हासिल कर 98 प्रतिशत के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर ऋषिकेश के आर्यन 97.80 प्रतिशत अंक के साथ रहे, जबकि तीसरे स्थान पर हरिद्वार की वंशिका ने 97 प्रतिशत अंक हासिल किए। चौथे स्थान पर 96.60 प्रतिशत अंकों के साथ हरिद्वार की कशिश शर्मा और तनीशा सी राजा के साथ ऊधमसिंह नगर की नेहा शर्मा शामिल रहीं। पांचवें स्थान पर बागेश्वर की खुशी कांडपाल ने 96.40 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। छठे स्थान पर रुद्रप्रयाग के शिवम मलेथा और अल्मोड़ा के वेदांत पपनौई ने 96.20 प्रतिशत अंक हासिल किए।

पौड़ी जिले के जनता इंटर कॉलेज पोखरीखेत की छात्रा महक ने 96 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त किया। महक इससे पहले हाईस्कूल में भी 95.80 प्रतिशत अंक के साथ प्रदेश में 19वें स्थान पर रह चुकी हैं। उनकी इस सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

टैक्सी चालक की बेटी हैं गीतिका

गीतिका पंत की सफलता संघर्ष की कहानी भी है। उनके पिता चंद्रशेखर पंत टैक्सी चालक हैं, जो मेहनत कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद गीतिका ने पढ़ाई जारी रखी और प्रदेश में टॉप किया। परिवार और शिक्षकों का मार्गदर्शन उनकी तैयारी में अहम रहा। वह पहले भी हाईस्कूल में 97.6 प्रतिशत अंक के साथ जिला टॉपर रह चुकी हैं।

निदेशक ने बताया कि परीक्षाओं में इस बार 2,15,252 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें हाईस्कूल के 1,12,266 और इंटरमीडिएट के 1,02,986 छात्र-छात्राएं रहे। इस साल बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से 20 मार्च के बीच आयोजित की गई थीं। पूरे प्रदेश में 1,261 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 50 एकल और 1,211 मिश्रित केंद्र शामिल थे।

सीएम धामी ने दी सफलता की बधाई

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में सफल हुए सभी विद्यार्थियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह सफलता आपके निरंतर परिश्रम, अनुशासन और अटूट संकल्प का प्रमाण है। विश्वास है कि आप इसी लगन और आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार करते हुए जीवन में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे। जिन विद्यार्थियों को इस बार अपेक्षित परिणाम नहीं मिल सका है, वे हतोत्साहित न हों। धैर्य, सकारात्मक सोच और सतत प्रयास के साथ आप निश्चित रूप से सफलता हासिल करेंगे

READ MORE

ये भी पढ़ें  कांग्रेस हाईकमान को हरीश रावत ने दिखाया ठेंगा, कहा- निकालेंगे जनसंवाद यात्रा

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link