Lucknow CityNational

पं. बंगाल चुनाव में वीडियो वार : IPS अजय पाल शर्मा पर भड़के अखिलेश, बोले… एजेंटों को सजा दिलाएंगे

टीएमसी प्रत्याशी को कथित चेतावनी का वीडियो वायरल, सपा प्रमुख का हमला-लोकतंत्र के अपराधी बख्शे नहीं जाएंगे, यूपी सरकार की छवि पर भी उठाए सवाल

लखनऊ, 28 अप्रैल 2026:

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच एक वायरल वीडियो ने सियासी तापमान को अचानक बढ़ा दिया है। यूपी तक राजनीतिक घमासान मचा है। यूपी कैडर के आईपीएस अफसर अजय पाल शर्मा को चुनाव में पुलिस पर्यवेक्षक बनाया गया है। उनके एक कथित वीडियो को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में टीएमसी प्रत्याशी को चेतावनी दिए जाने का दावा किया जा रहा है जिसके बाद विपक्ष हमलावर हो गया है।

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने इस मामले को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा करते हुए अजय पाल शर्मा को भाजपा का एजेंट करार दिया। अखिलेश ने लिखा कि बंगाल में भाजपा ने ऑब्जर्वर के नाम पर ऐसे लोगों को भेजा जो पहले यूपी के रामपुर और संभल में टेस्ट हो चुके हैं। उन्होंने चुनौतीपूर्ण अंदाज में कहा कि दीदी हैं, दीदी रहेंगी। समय आने पर इन एजेंडों के एजेंटों के खिलाफ गहन जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की बात कही।

अखिलेश यहीं नहीं रुके। उन्होंने टीएमसी की एक नेत्री द्वारा पोस्ट किए गए कथित तौर पर अजय पाल शर्मा के एक डांस वीडियो को महिला सुरक्षा से जोड़ते हुए भाजपा सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि इस तरह के वीडियो से यूपी सरकार के शासन-प्रशासन की छवि को गहरा नुकसान पहुंचा है और नारी सम्मान के दावे पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब महिला सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारी ही इस तरह के व्यवहार में दिखें,श तो आम महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि अब सबकी नजर इस बात पर है कि मुख्यमंत्री इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं। उन्होंने संकेत दिया कि अधिकारी खे खिलाफ कार्रवाई सरकार के जीरो टॉलरेंस के दावे की असली परीक्षा होगी। साथ ही उन्होंने यह भी कटाक्ष किया कि इतना सब सामने आने के बाद सरकार इसे एआई जनरेटेड बताकर पल्ला नहीं झाड़ पाएगी। फिलहाल यह मामला चुनावी माहौल में नया सियासी तूफान खड़ा कर चुका है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button