डेथ सर्टिफिकेट न बनने का गुस्सा… बाइक से जा रहे पूर्व प्रधान पर उड़ेला पेट्रोल, ऐसे बची जान
रास्ते में लिफ्ट लेकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया, हेल्मेट पहनने व कीचड़ में कूदने से बचा पूर्व प्रधान, आरोपी भी झुलसा, जमीन का विवाद भी आया सामने
सीतापुर, 3 मई 2026:
शहर कोतवाली इलाके में वैदेही वाटिका के पास पूर्व प्रधान पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। घटना में पूर्व प्रधान हसीब खान और आरोपी धर्मेंद्र दोनों झुलस गए। घायल हसीब का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मामले में आरोपी ने पूर्व प्रधान व उसके भाई पर डेथ सर्टिफिकेट न बनाने व जमीन हथियाने का आरोप लगाया है। पुलिस जांच कर रही है।
इस घटना के बारे में हसीब खान ने बताया कि वह पहले रहीमाबाद गांव के प्रधान रह चुके हैं, इस समय उनके भाई लईक खां प्रधान हैं। गांव के धर्मेंद्र अपने लापता भाई का मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने का दबाव बना रहा था। उसका भाई करीब 25 साल पहले गायब हुआ था। हसीब के मुताबिक शनिवार को ब्लॉक में मुलाकात के दौरान उन्होंने प्रमाणपत्र बनाने से इनकार कर दिया।

इसके बाद धर्मेंद्र ने उनसे सीतापुर तक लिफ्ट मांगी। आरोप है कि रास्ते में वैदेही वाटिका के पास चलते समय उसने पिपिया से पेट्रोल डालकर आग लगा दी। हसीब किसी तरह बाइक से उतरकर भागे। उन्होंने हेलमेट पहन रखा था, इससे सिर सुरक्षित रहा। कीचड़ में कूदने से आग ज्यादा नहीं झुलसा सकी।
घटना में धर्मेंद्र भी झुलस गया। उसका कहना है कि हसीब के भाई ने उसकी करीब सात बिस्वा जमीन पर कब्जा कर रखा है। जमीन अपने नाम कराने के लिए उसे मृत्यु प्रमाणपत्र चाहिए था। आग लगाने के आरोप पर उसने कहा कि अचानक आग लगी, कैसे लगी उसे समझ नहीं आया। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए हैं।






