National

चलती फ्लाइट का गेट खोला और… कूद गया यात्री, 231 लोगों की जान आई हलक में

चेन्नई एयरपोर्ट पर हाई-वोल्टेज ड्रामा से मचा हड़कंप, शारजाह से आई थी फ्लाइट, बीमार यात्री ने टैक्सीवे पर कूदकर खतरे में डाली सभी की जान

न्यूज डेस्क, 3 मई 2026:

तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार तड़के एक यात्री ने चलती फ्लाइट का इमरजेंसी दरवाजा खोलकर नीचे छलांग लगा दी। इस घटना से सनसनी फैल गई।शारजाह से चेन्नई पहुंची एयर अरेबिया की इस फ्लाइट में 231 यात्री सवार थे। अचानक हुई इस खौफनाक घटना से विमान में बैठे लोगों की सांसें थम गईं।

यह घटना तब हुई जब विमान सुरक्षित लैंडिंग के बाद मुख्य रनवे से हटकर टैक्सीवे पर धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान 34 वर्षीय एक पुरुष यात्री ने अचानक इमरजेंसी गेट खोल दिया और बिना किसी चेतावनी के नीचे कूद गया। इस अप्रत्याशित हरकत से फ्लाइट के अंदर अफरातफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं।

पायलट ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर विमान को रोका और ग्राउंड सिक्योरिटी को सूचित किया। कुछ ही मिनटों में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान मौके पर पहुंच गए। हथियारबंद सुरक्षाकर्मियों के साथ बम निरोधक दस्ता भी तुरंत सक्रिय हो गया जिससे किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि संबंधित यात्री की यात्रा के दौरान तबीयत काफी खराब हो गई थी। उसने फ्लाइट के अंदर घबराहट और उल्टी की शिकायत की थी और कूदने से ठीक पहले दो बार उल्टी भी की थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी बेचैनी और मानसिक अस्थिरता के चलते उसने यह खतरनाक कदम उठाया।

सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए यात्री को पकड़ लिया और हिरासत में ले लिया। पायलट की शिकायत के आधार पर उसे आगे की जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है।

इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का असर एयरपोर्ट के संचालन पर भी पड़ा। सुरक्षा के मद्देनजर सुबह 03:23 बजे से 04:23 बजे तक मुख्य रनवे को पूरी तरह बंद कर दिया गया। इस दौरान आने वाली सभी फ्लाइट्स को सेकेंडरी रनवे की ओर डायवर्ट किया गया।

हालांकि यात्री की पहचान आधिकारिक रूप से सार्वजनिक नहीं की गई है लेकिन सूत्रों के मुताबिक वह तमिलनाडु के पुदुक्कोट्टई जिले का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस और अन्य एजेंसियां इस गंभीर सुरक्षा उल्लंघन की गहराई से जांच कर रही हैं। डॉक्टरों की टीम उसकी मानसिक स्थिति की पड़ताल कर रही है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button