लखनऊ, 4 मई 2026:
यूपी में सोमवार सुबह आई तेज आंधी-बारिश और बदले मौसम के तेवरों ने जनजीवन को प्रभावित किया है। इन हालात को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। सीएम ने साफ कहा कि किसी भी हाल में आम जनता को न्यूनतम नुकसान हो और राहत कार्यों में जरा भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने मौसम से प्रभावित सभी जनपदों के डीएम को निर्देशित किया कि पूरी प्रशासनिक मशीनरी सक्रिय रखी जाए। उन्होंने विशेष तौर पर कहा कि जनहानि, पशुहानि, घायलों और आपदा से प्रभावित लोगों को हर हाल में 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
सीएम योगी ने अधिकारियों को फील्ड में उतरकर वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डीएम और अन्य अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद करें और राहत-बचाव कार्यों में समन्वय बनाएं। साथ ही हर छोटी-बड़ी जानकारी समय पर शासन तक पहुंचाई जाए जिससे त्वरित निर्णय लेकर राहत सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि खराब मौसम के चलते कई जगहों पर सड़क दुर्घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में राहत एवं बचाव कार्यों को तेज किया जाए और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में तत्काल इलाज उपलब्ध कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने किसानों की समस्याओं को भी गंभीरता से लेते हुए कहा कि सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। आंधी-बारिश से फसलों को हुए नुकसान को कम करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं। सीएम के निर्देशों के बाद प्रदेशभर में प्रशासनिक अमला सक्रिय नजर आ रहा है। प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों को तेज कर दिया गया है।






