न्यूज डेस्क, 4 मई 2026:
देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में चल रही विधानसभा चुनावों की मतगणना के बीच असम से बड़ी तस्वीर साफ होती नजर आ रही है। गणना के रुझानों ने राज्य की सियासत में हलचल तेज कर दी है। संकेत साफ हैं कि भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन एक बार फिर सत्ता में वापसी करने जा रहा है।
126 सदस्यीय असम विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 64 है। इसे भाजपा गठबंधन आसानी से पार करता दिख रहा है। ताजा रुझानों के मुताबिक एनडीए (भाजपा गठबंधन) 95 सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि कांग्रेस गठबंधन 29 सीटों तक सिमटी नजर आ रही है। यह अंतर चुनावी परिणामों की दिशा तय करने के साथ राज्य में भाजपा की पकड़ को भी मजबूत साबित कर रहा है।

दिलचस्प बात यह है कि गुवाहाटी स्थित भाजपा कार्यालय में जीत का भरोसा इतना पुख्ता था कि मतगणना से पहले ही जश्न के पोस्टर लगा दिए गए थे। इन पोस्टरों में असम की जनता को अभूतपूर्व जनसमर्थन और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद दिया गया। हालांकि सुबह के समय दफ्तर में ज्यादा हलचल नहीं दिखी क्योंकि ज्यादातर कार्यकर्ता काउंटिंग सेंटर पर डटे हुए हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि दोपहर तक रुझान नतीजों में बदलते ही जश्न का माहौल बन जाएगा।
इस प्रचंड बढ़त का श्रेय मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को दिया जा रहा है, जिन्होंने 2016 से ही असम में भाजपा को मजबूती दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। 2021 में पहली बार मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका दूसरा कार्यकाल होगा लेकिन पार्टी को लगातार तीसरी जीत दिलाने का श्रेय भी उन्हें ही जाता दिख रहा है।
वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन इस बार भी भाजपा के सामने टिक नहीं पाया। राज्य में दो प्रमुख गठबंधनों के बीच मुकाबला था लेकिन रुझानों ने इसे एकतरफा बना दिया है। ऐसे में साफ है कि असम में एक बार फिर ‘कमल’ खिलने जा रहा है और एनडीए की सत्ता में हैट्रिक लगभग तय मानी जा रही है।






