Uttarakhand

फर्जी चिट्ठी पर सियासी घमासान: भाजपा विधायक ने कांग्रेस को घेरा, कहा… साजिश रची गई

मीडिया से रूबरू हुए भाजपा विधायक अरविंद पांडे, वायरल पत्र से पल्ला झाड़ा, कहा-कांग्रेस ने बिना आधार के मुद्दा उछाला, माहौल बिगाड़ने की कोशिश, माफी न मांगने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 4 मई 2026:

उत्तराखंड की सियासत में कथित वायरल चिट्ठी को लेकर तनातनी तेज हो गई है। गदरपुर से भाजपा विधायक और पूर्व शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने देहरादून में प्रेस वार्ता कर अपने नाम से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर घूम रहे पत्र को पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया। उन्होंने साफ कहा कि इस पत्र से उनका कोई लेना देना नहीं है।

बलबीर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में पांडेय ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। उनका कहना था कि झूठे आरोपों के सहारे राजनीतिक माहौल खराब किया जा रहा है। हर बात पर तुरंत प्रतिक्रिया जरूरी नहीं होती, लेकिन मनगढ़ंत बातों को फैलाना ठीक नहीं।

उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का नाम लेते हुए कहा कि फर्जी दस्तावेज के आधार पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करना राजनीति के गिरते स्तर को दिखाता है। पांडेय के मुताबिक चुनाव के समय इस तरह की बातें फैलाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश हो रही है।

पांडेय ने खुद को संगठन का कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि वह भाजपा के सिपाही हैं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक के तौर पर काम करते हैं। उनकी कोई निजी लाइन नहीं, वे संगठन की सोच और अनुशासन के तहत काम करते हैं। भाजपा नेताओं ने भी इसे विपक्ष की साजिश बताते हुए कहा कि ऐसे हथकंडे लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं हैं। पांडेय ने चेतावनी दी कि अगर कांग्रेस ने इस मामले में माफी नहीं मांगी तो वे कानूनी कदम उठाएंगे।

बता दें कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने एक प्रेस कांफ्रेंस कर वायरल पत्र का खुलासा किया था। इस पत्र में भाजपा विधायक द्वारा उत्पीड़न को लेकर सरकार व प्रशासन पर आरोप लगाने की बात कही गई थी।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button