अम्बेडकरनगर/जालौन, 4 मई 2026:
सोमवार को हुए सड़क हादसों में अम्बेडकरनगर में आठ व जालौन में छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई व एक परिवार के कई सदस्य शामिल है। दोनों जगह हुए हादसों में कई लोग घायल हुए हैं। उनका इलाज चल रहा है।
पहला हादसा अंबेडकरनगर के जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में अकबरपुर मार्ग पर अशरफपुर के पास हुआ। रात करीब 12 बजे दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर में बुलेट सवार कैफी निवासी लोरपुर ताजन और स्प्लेंडर सवार जैनापुर निवासी सगे भाई आदित्य और दिव्यांशु गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों भाई शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसे के बाद आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे और घायलों को सड़क किनारे ले जाने लगे।

इसी दौरान तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार बेकाबू होकर वहां मौजूद लोगों को कुचलते हुए आगे जाकर गड्ढे में पलट गई। कार सवार मौके से भाग निकला। पुलिस की मदद से घायलों को सीएचसी जलालपुर पहुंचाया गया, जहां छह लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। दो घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, बाद में टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। मृतकों में कैफी 32, उत्तम कुमार 24, आदित्य कुमार 25, दिव्यांशु 22, लालचंद 24, राजू गुप्ता 32, साहिल 28 और इंद्रेश 30 शामिल हैं। आदित्य और दिव्यांशु सगे भाई थे।
उधर जालौन के कालपी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 6 बजे जोल्हुपुर मोड़ के पास एक कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। इस कार में ललितपुर के महरौनी निवासी शशिकांत तिवारी का परिवार सवार था। वो 10 सदस्यों के साथ कार से अयोध्या दर्शन करने गए थे। वहीं से वापस लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि जोल्हूपुर मोड़ के पास चालक को झपकी आ गई और कार आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है। हादसे के बाद कुछ लोग कार के अंदर फंसे रहे, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस ने बाहर निकाला। घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां शुरुआती वक्त में स्टाफ की कमी के चलते मरीजों को एंबुलेंस में ही इंतजार करना पड़ा। बाद में उन्हें इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।






