‘सिंदूर’ से संदेश, ‘ब्रह्मोस’ से चेतावनी : ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर योगी की डिजिटल स्ट्राइक
यूपी के मुख्यमंत्री समेत भाजपा के शीर्ष नेताओं ने बदली सोशल मीडिया डीपी, ब्रह्मोस मिसाइल वाली कवर फोटो से आतंक और पाकिस्तान को दिया सख्त संदेश
लखनऊ, 7 मई 2026:
ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर पूरा देश भारतीय सेना और सशस्त्र बलों के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम को नमन कर रहा है। इस मौके पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट की प्रोफाइल तस्वीर बदलकर ऑपरेशन सिंदूर का लोगो लगाया जबकि कवर फोटो में ब्रह्मोस मिसाइल को प्रमुखता से स्थान देकर आतंकवाद और दुश्मन देशों को सख्त संदेश दिया। योगी का यह डिजिटल संदेश सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
एक साल पहले 7 मई 2025 की वह रात भारत के सैन्य इतिहास में निर्णायक कार्रवाई के रूप में दर्ज हुई थी, जब भारतीय थलसेना, वायुसेना और नौसेना ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर पाकिस्तान में मौजूद नौ आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था। यह कार्रवाई पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में की गई थी। उसी रात भारत सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ऑपरेशन सिंदूर की तस्वीर साझा करते हुए ‘Justice is Served’ लिखकर दुनिया को साफ संदेश दिया था कि नया भारत आतंक के खिलाफ अब निर्णायक कार्रवाई करता है।
145 करोड़ भारत वासियों की एकजुटता, अदम्य इच्छाशक्ति, सशस्त्र सेनाओं के असाधारण पराक्रम और भारत की स्पष्ट नीति की गौरवशाली अभिव्यक्ति ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के एक वर्ष पूर्ण होने पर देश वासियों को हार्दिक बधाई एवं भारतीय सेना के रणबांकुरों का हृदयतल से अभिनंदन।
यह ऑपरेशन ‘नए भारत’ के… pic.twitter.com/CqFKJipDJD
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 7, 2026
ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी अपनी सोशल मीडिया डीपी बदलकर इस सैन्य अभियान को सम्मान दिया। सोशल मीडिया पर आम नागरिक भी ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी तस्वीरें और प्रतीक साझा कर रहे हैं।
सीएम योगी की कवर फोटो में दिखाई गई ब्रह्मोस मिसाइल को खास रणनीतिक संकेत माना जा रहा है। ब्रह्मोस दुनिया की सबसे घातक सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों में गिनी जाती है और इसे भारत की आक्रामक रक्षा क्षमता का प्रतीक माना जाता है। खास बात यह है कि अब ब्रह्मोस मिसाइल का उत्पादन लखनऊ में किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के जरिए यूपी तेजी से रक्षा उत्पादन का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है।
योगी आदित्यनाथ पहले भी कई मंचों से ब्रह्मोस और भारत की सैन्य शक्ति का उल्लेख कर चुके हैं। हाल ही में उन्होंने कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर केवल सैन्य अभियान नहीं बल्कि भारत के उस संकल्प की घोषणा है जिसमें आतंक का जवाब अब दुश्मन के दरवाजे पर दिया जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर योगी की बदली डीपी और ब्रह्मोस वाली कवर फोटो को समर्थक राष्ट्रवाद और सैन्य सम्मान का प्रतीक बता रहे हैं।






