Business

पीएम की अपील से निवेशक चिंता में… शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स टूटा, निफ्टी भी फिसला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की है किफायत बरतने की अपील, ज्वैलरी शेयरों में तेज बिकवाली हुई। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, पश्चिम एशिया के तनाव और रुपये की कमजोरी ने भी बाजार पर बढ़ाया दबाव

बिजनेस डेस्क, 11 मई 2026:

सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई। कारोबार शुरू होते ही बीएसई सेंसेक्स करीब 900 अंक टूट गया, जबकि एनएसई निफ्टी 24 हजार के स्तर से नीचे आ गया। निवेशकों की चिंता बढ़ने से बाजार में चौतरफा बिकवाली देखने को मिली।

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 845.68 अंक गिरकर 76,482.51 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 237.90 अंक टूटकर 23,936.85 पर कारोबार करता दिखा। कुछ देर बाद सेंसेक्स में गिरावट बढ़कर 950 अंक तक पहुंच गई और यह 76,378 के स्तर पर आ गया। निफ्टी भी 23,900 के करीब पहुंच गया।

बता दें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देशवासियों से गैर-जरूरी खर्चों में कटौती करने, विदेश यात्राएं टालने और एक साल तक अनावश्यक सोना खरीदने से बचने की अपील की थी। इसके बाद ज्वैलरी कंपनियों के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। सेन्को गोल्ड का शेयर करीब नौ फीसदी टूटा, कल्याण ज्वैलर्स में सात फीसदी से ज्यादा गिरावट आई, जबकि टाइटन और पीसी ज्वैलर के शेयर भी दबाव में रहे।

ये भी पढ़ें:

बाजार पर वैश्विक हालात का असर भी साफ दिखा। इस्राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी हुई है। इससे महंगाई बढ़ने और भारत के आयात बिल पर दबाव बढ़ने की आशंका है। विशेषज्ञों का कहना है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है।

भारतीय रुपये में भी कमजोरी दर्ज की गई। शुरुआती कारोबार में रुपया डॉलर के मुकाबले 94.90 के स्तर तक पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से 139 पैसे की गिरावट है। विदेशी निवेशकों की बिकवाली और डॉलर की मजबूती ने रुपये पर दबाव बढ़ाया।

बाजार जानकारों के मुताबिक भारत की अर्थव्यवस्था की बुनियादी स्थिति मजबूत बनी हुई है, लेकिन पश्चिम एशिया में तनाव, महंगा कच्चा तेल और विदेशी निवेश की निकासी से निकट भविष्य में बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  विश्वनाथ धाम: तीन दिन के रंग एकादशी पर्व का फूलों की होली से हुआ शुभारंभ

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button