Lucknow City

चुनाव तक बोझ उठाया, अब जनता लाइन में लग जाए! मोदी की अपील पर संजय सिंह का तीखा हमला

सोना कम खरीदने, पेट्रोल बचाने और विदेश यात्राएं घटाने की सलाह पर गरमाई राजनीति, आप सांसद बोले- जनता त्याग करे, सरकार ऐश करे

लखनऊ, 11 मई 2026:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से विदेशी मुद्रा बचाने के लिए जनता से सोना कम खरीदने, विदेश यात्राएं घटाने, पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और वर्क फ्रॉम होम अपनाने की अपील के बाद सियासी पारा चढ़ गया है। विपक्षी दल लगातार पीएम मोदी और केंद्र सरकार पर हमलावर हैं। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर केंद्र सरकार को घेरते हुए तीखा बयान दिया।

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि पांच राज्यों के चुनाव खत्म होते ही केंद्र सरकार ने जनता को महंगाई के बोझ तले छोड़ दिया है। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि चुनाव तक मोदी जी ने आपका बोझ उठाया, चुनाव खत्म आपका इस्तेमाल खत्म।

आप सांसद ने कहा कि अब जनता को देशभक्ति के नाम पर पेट्रोल-डीजल कम इस्तेमाल करने, गैस बचाने, सोना न खरीदने और खर्चों में कटौती करने की सलाह दी जा रही है, जबकि सरकार और भाजपा नेता खुद बड़े-बड़े चुनावी कार्यक्रमों, रैलियों और विदेश दौरों में करोड़ों रुपये खर्च करेंगे।

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि मोदी जी की रैलियों में लाखों लोग जुटाए जाएंगे, खूब तेल फूंका जाएगा, उनके लोग देश की संपत्तियां खरीद लेंगे, लेकिन आम जनता से त्याग की उम्मीद की जा रही है।

संजय सिंह यहीं नहीं रुके। उन्होंने सरकार समर्थकों और मीडिया पर भी निशाना साधते हुए लिखा कि अगर कोई नागरिक बढ़ती महंगाई पर सवाल उठाएगा तो उसे अंधभक्त और गोदी मीडिया पाकिस्तानी घोषित कर देगा। प्रधानमंत्री की अपील और विपक्ष के तीखे पलटवार के बाद महंगाई, ईंधन कीमतों और आर्थिक नीतियों को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने के आसार हैं।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  मेरठ का खेल विश्वविद्यालय खोलेगा सफलता के नए द्वार, नए कोर्सों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button