Uttarakhand

मंत्री सतपाल महाराज ने अफसरों को दी डेडलाइन, कहा… बारिश से पहले पूरे हों सड़क व विकास कार्य

चौबट्टाखाल विधानसभा की समीक्षा बैठक में जनसमस्याओं के निस्तारण पर जोर, 30 मई तक लंबित वन मामलों पर निरीक्षण रिपोर्ट मांगी, सतपुली सीएचसी में तीन पद खाली मिलने पर स्वास्थ्य विभाग से तैनाती का पूरा ब्योरा तलब किया

योगेंद्र मलिक

पौड़ी गढ़वाल, 12 मई 2026:

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में विधानसभा क्षेत्र की विकास योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क, पेयजल और अन्य जरूरी काम बारिश शुरू होने से पहले हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि अफसर नियमित रूप से गांवों का दौरा करें, लोगों की समस्याएं सुनें और उनका जल्द समाधान करें।

सतपाल महाराज ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के जरिए जनता की समस्याएं शासन और प्रशासन तक पहुंचती हैं, इसलिए उनके उठाए गए मामलों को प्राथमिकता से निपटाया जाना चाहिए ताकि दूरदराज के इलाकों तक योजनाओं का फायदा समय से पहुंच सके।

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान विभिन्न मोटर मार्गों, निर्माणाधीन सड़कों और डामरीकरण कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। कैबिनेट मंत्री ने गुणवत्ता से समझौता न करने और तय समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहाड़ में सड़कें सिर्फ आने-जाने का जरिया नहीं, बल्कि मरीजों, गर्भवती महिलाओं और आपात हालात में जीवनरेखा साबित होती हैं।

परिवहन विभाग को लंबित मोटर मार्गों का जल्द सर्वे पूरा कर स्वीकृति प्रक्रिया तेज करने को कहा गया। डीएम ने वन विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण कर लंबित मामलों का निस्तारण करने और 30 मई तक निरीक्षण प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

WhatsApp Image 2026-05-12 at 5.33.21 PM

बैठक में बताया गया कि राज्य सेक्टर के तहत वर्ष 2017 और उससे पहले स्वीकृत 12 ऐसे मामलों की समीक्षा की गई जिन पर वन विभाग या ग्रामीणों की आपत्तियां लंबित हैं। स्टेज-2 के तहत स्वीकृत 16 कार्यों में से आठ पूरे हो चुके हैं, छह पर काम चल रहा है और दो अभी शुरू नहीं हो पाए हैं। वर्ष 2022 से स्वीकृत 40 डामरीकरण कार्यों में 35 पूरे हो चुके हैं, चार प्रगति पर हैं और एक कार्य अनुबंध प्रक्रिया में है।

वन टाइम मेंटेनेंस के 19 कार्यों और आपदा व विशेष मरम्मत से जुड़े 29 कार्यों की भी समीक्षा की गई। मुआवजा वितरण की प्रगति पर संतोष जताया गया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतपुली में स्वीकृत 10 पदों के मुकाबले सात कार्मिक कार्यरत पाए गए, जबकि तीन पद खाली हैं। इस पर कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्र के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात कर्मचारियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

विद्युत विभाग को झूलती बिजली लाइनों और क्षतिग्रस्त या झुके हुए पोलों को तुरंत दुरुस्त करने को कहा गया। पर्यटन विभाग को सतपुली स्थित एंग्लिंग हट के कार्यों की जांच करने और सिंचाई विभाग को सतपुली निरीक्षण भवन का निर्माण तीन महीने के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत व अन्य अफसर मौजूद रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button