Uttarakhand

मां वाराही धाम पहुंचे धामी, कहा…बदलेगा स्वरूप, 15 करोड़ से होगा भव्य पुनर्निर्माण

दो से तीन वर्षों में पूरा होगा मंदिर का कायाकल्प। राजस्थान के नक्काशीदार पत्थरों और गुजरात के विशेषज्ञ कारीगरों की की ली जाएगी मदद

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 16 मई 2026:

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चम्पावत जिले के ऐतिहासिक मां वाराही शक्तिधाम पहुंचकर मंदिर के नवनिर्माण और विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों व मंदिर ट्रस्ट से विस्तार से चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां वाराही धाम केवल श्रद्धा का केंद्र नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की पहचान है। उन्होंने कहा कि धाम का विकास इसकी पौराणिक गरिमा और मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाओं के साथ आध्यात्मिक अनुभव भी मिल सके।

CM Dhami Visits Maa Varahi Dham for Development (1)

धामी ने कहा कि आने वाले समय में माँ वाराही धाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सकता है। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।

मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। करीब 15 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से मंदिर के भव्य पुनर्निर्माण का काम चार खाम सात थोक और माँ वाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट की ओर से कराया जा रहा है। यह परियोजना अगले दो से तीन वर्षों में पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण में राजस्थान के विशेष नक्काशीदार पत्थरों का इस्तेमाल होगा, जबकि स्थापत्य और शिल्प कार्य गुजरात के अनुभवी कारीगरों की देखरेख में किया जाएगा। इस दौरान जगदीश चंद्र गहतोड़ी ‘नवनीत’ ने निपुण भारत अभियान पर आधारित अपनी पुस्तक निपुण का संगीत मुख्यमंत्री को भेंट की।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button