
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 3 सितंबर 2026:
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकारी नौकरी में चयन अब सिफारिश के बजाय युवाओं की मेहनत, प्रतिभा व योग्यता के आधार पर हो रहा है। सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए सख्त कानून लागू किया है। पिछले पांच साल में 34 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।
पशुपालन व गन्ना विभाग में नियुक्तियां
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में हुए नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में धामी ने 101 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए। इनमें पशुपालन विभाग के 88 पशुधन प्रसार अधिकारी व गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के 13 गन्ना पर्यवेक्षक शामिल हैं।
जनसेवा की जिम्मेदारी निभाना न भूलें
धामी ने नवनियुक्त कार्मिकों से कहा कि सरकारी सेवा में आने के बाद उनकी जिम्मेदारी बढ़ गई है। उन्होंने युवाओं से अपने ज्ञान, ऊर्जा व नए विचारों का इस्तेमाल करते हुए कामकाज को बेहतर बनाने को कहा। मुख्यमंत्री ने सरलीकरण, समाधान, निस्तारण व संतुष्टि को कामकाज का आधार बनाने की बात कही।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े विभाग
मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुपालन व गन्ना विकास सीधे ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े क्षेत्र हैं। पर्वतीय इलाकों में पशुपालन बड़ी संख्या में परिवारों की आय का जरिया है। महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी इसकी अहम भूमिका है। सरकार मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना, मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना व मुख्यमंत्री राज्य पशुधन मिशन के जरिए पशुपालन व डेयरी सेक्टर को बढ़ावा दे रही है।
गन्ना किसानों के लिए ऑनलाइन व्यवस्था
गन्ना किसानों से जुड़ी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए गन्ना सर्वेक्षण को ऑनलाइन किया गया है। किसानों को उन्नत प्रजातियों व वैज्ञानिक खेती की जानकारी देने के लिए गन्ना क्लीनिक व परामर्श केंद्र शुरू किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में गन्ना किसानों को उत्तर प्रदेश की तुलना में पांच रुपये प्रति कुंतल ज्यादा गन्ना मूल्य दिया जा रहा है।
मुख्य सेवक सदन में पशुपालन विभाग एवं गन्ना विकास तथा चीनी उद्योग विभाग के 101 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। सभी नवचयनित कार्मिकों को हार्दिक बधाई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।
युवाओं की मेहनत और प्रतिभा को सम्मान देते हुए हमारी सरकार ने भर्ती… pic.twitter.com/GohWI9W2im
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) September 3, 2026
कार्यक्रम में ये मंत्री व अफसर रहे मौजूद
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, गणेश जोशी, खजानदास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर, दुर्गेश्वर लाल व सचिव एसएन पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






