लखनऊ, 18 मई 2026:
यूपी की राजनीति में सोमवार की कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। मंत्रिमंडल विस्तार के आठवें दिन रविवार देर रात नए मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर सरकार ने साफ कर दिया कि अब मिशन-2027 की तैयारी पूरी रफ्तार से शुरू हो चुकी है। संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल, सामाजिक समीकरणों की साधना और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए आठों नए मंत्रियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इस विभाग बंटवारे के बाद पीडब्ल्यूडी व कुछ अन्य विभागों को लेकर लग रही अटकलों पर विराम लग गया। भूपेन्द्र चौधरी को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) विभाग की कमान देकर पश्चिमी यूपी और संगठनात्मक अनुभव को साधने का प्रयास किया गया है। वहीं मनोज पाण्डेय को खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग सौंपकर सरकार ने अवध के राजनीतिक समीकरणों को मजबूत करने का संकेत दिया है।

अजीत सिंह पाल को राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग दिया गया है, जबकि सोमेन्द्र तोमर को राजनैतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा राज्य मंत्री कृष्णा पासवान को पशुधन एवं दुग्ध विकास, कैलाश सिंह राजपूत को ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत, सुरेन्द्र दिलेर को राजस्व तथा हंस राज विश्वकर्मा को MSME विभाग में राज्य मंत्री बनाया गया है। राजनीतिक गलियारों में इस फेरबदल को जातीय और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व के बड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
उधर सोमवार सुबह सीएम योगी की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक भी बेहद अहम मानी जा रही है। बैठक में करीब एक दर्जन प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है। सबसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए OBC आयोग के गठन का है। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने आयोग गठित करने के निर्देश दिए थे। आयोग की रिपोर्ट आने के बाद ही पंचायत चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

एक अन्य बड़ा फैसला वेटनरी छात्रों को राहत देने वाला हो सकता है। सरकार BVSC & AH के छात्रों का इंटर्नशिप भत्ता 4 हजार रुपए से बढ़ाकर 12 हजार रुपए प्रतिमाह करने जा रही है। प्रदेश में करीब 10 हजार से अधिक वेटनरी छात्र इस फैसले से सीधे लाभान्वित होंगे। ऐसे में योगी सरकार की यह कैबिनेट बैठक राजनीतिक और जनहित दोनों लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।






