Uttarakhand

फर्जी सोशल मीडिया पेज पर भड़के कांग्रेसी… मुकदमा दर्ज न होने पर धरने का ऐलान

एआई जनरेटेड और भ्रामक वीडियो द्वारा कांग्रेस पार्टी की छवि धूमिल करने की कोशिश का लगाया आरोप, आईजी साइबर सेल से मिले नेता, कहा- दुष्प्रचार पर अंकुश लगाना जरुरी

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 18 मई 2026:

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ चलाए जा रहे फर्जी और दुष्प्रचार अभियान के संबंध में पुलिस महानिरीक्षक (साइबर) निलेश भरणे से मुकाकात की। वार्ता कर ज्ञापन सौंपने के साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने बतौर एविडेंस स्क्रीनशॉट, वीडियो लिंक भी अफसर को सौंपे व कार्रवाई की मांग कर धरने की चेतावनी दी।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि फेसबुक पर ‘वसूली अभियान मोर्चा’ नामक पेज के माध्यम से उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ एआई जनरेटेड और भ्रामक वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि इन वीडियो का उद्देश्य कांग्रेस पार्टी और उनके नेताओं की छवि को नुकसान पहुंचाना है। ज्ञापन में इस बात का भी जिक्र है कि पुलिस अधिकारियों द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कदम उठाया गया है।

महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी ने कहा कि फर्जी वीडियो और दुष्प्रचार के माध्यम से राजनीतिक दलों और नेताओं की छवि धूमिल करना गंभीर अपराध है। कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर आगामी एक सप्ताह के भीतर इस मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी पुलिस मुख्यालय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करेगी।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button