Uttarakhand

गवर्नर्स कप में उतरे 179 गोल्फर…सात साल की इलाक्षी से बुजुर्ग कर्नल तक ने बढ़ाया रोमांच

राज्यपाल ने किया आगाज, गोल्फ कोर्स में तीन दिन तक दिखेगा अनुभव व युवा जोश का संगम, पूर्व सीएम भुवन चंद्र खंडूड़ी को समर्पित टूर्नामेंट में जूनियर खिलाड़ियों और बेटियों की भागीदारी दिखी

राजकिशोर तिवारी

नैनीताल, 22 मई 2026:

नैनीताल के लोक भवन गोल्फ कोर्स में शुक्रवार से 21वें गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट की शुरुआत हो गई। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने टी-ऑफ कर तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया। इस बार का टूर्नामेंट उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को समर्पित किया गया है।

प्रतियोगिता में अलग-अलग वर्गों के कुल 179 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 110 सामान्य श्रेणी के गोल्फर, 27 जूनियर खिलाड़ी, 9 महिला खिलाड़ी, 29 वेटरन और 4 सुपर वेटरन प्रतिभागी शामिल हैं। जूनियर वर्ग में 6 बालिकाएं भी मैदान में उतरी हैं।

टूर्नामेंट में 81 वर्षीय कर्नल एच.सी. गुप्ता सबसे वरिष्ठ खिलाड़ी हैं, जबकि 7 वर्षीय इलाक्षी राठौड़ सबसे कम उम्र की प्रतिभागी बनीं। उम्र के अलग-अलग पड़ाव पर मौजूद खिलाड़ियों की मौजूदगी ने प्रतियोगिता को खास बना दिया।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि गवर्नर्स कप सिर्फ खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की खेल प्रतिभा, पर्यटन और प्राकृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि सभी आयु वर्गों की भागीदारी खेल संस्कृति को मजबूत करने का संदेश देती है।

राज्यपाल ने युवाओं और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि गोल्फ प्रशिक्षण कार्यक्रमों से 135 बच्चों को फायदा मिला, जिनमें बड़ी संख्या बेटियों की रही। उनके मुताबिक गोल्फ ऐसा खेल है जो धैर्य, अनुशासन, एकाग्रता और मानसिक संतुलन विकसित करता है।

कार्यक्रम में सचिव राज्यपाल और उपाध्यक्ष गोल्फ कोर्स नैनीताल रविनाथ रामन, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत कई अधिकारी, प्रायोजक संस्थानों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button