
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 22 जुलाई 2026:
दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कथित लाठीचार्ज और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार देर रात देहरादून में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता न्यू कैंट रोड से लोक भवन कूच के लिए निकले। हाथीबड़कला पहुंचते ही पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया, जिसके बाद प्रदर्शन स्थल पर नारेबाजी, धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
लोक भवन कूच के दौरान टूटा पहला बैरिकेड
बारिश के बीच सेंट्रियो मॉल के पास जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोक भवन की ओर मार्च शुरू किया। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर हाथीबड़कला में कई स्तर की बैरिकेडिंग लगाई थी। प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने की कोशिश की और पहला बैरिकेड हटाते हुए दूसरे बैरिकेड तक पहुंच गए। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की होती रही। पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

राहुल गांधी की हिरासत को लेकर सरकार पर लगाए आरोप
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। उनका कहना था कि दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव प्रधानमंत्री आवास की ओर शांतिपूर्ण मार्च कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। कांग्रेस का कहना है कि बाद में सभी नेताओं को रिहा कर दिया गया।
संसद में बोलने का मौका नहीं देने का भी आरोप
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी को संसद में अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया जा रहा है। उनका आरोप था कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए लगातार दमनात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। नेताओं ने कहा कि छात्रों के मुद्दों और लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

कई नेताओं को हिरासत में लेकर बाद में छोड़ा
प्रदर्शन के दौरान पूरे इलाके को पुलिस छावनी में बदल दिया गया था। भारी पुलिस बल तैनात रहा। हालात को देखते हुए पुलिस ने कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया। बाद में सभी को रिहा कर दिया गया। प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महानगर अध्यक्ष डा जसविंदर सिंह गोगी, विनीत प्रसाद भट्ट, प्रवक्ता डा प्रतिमा सिंह, वीरेंद्र पोखरियाल, वीरेंद्र रावत, स्वाति नेगी व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।






