राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 26 मई 2026:
जिले की कमान संभालने के अगले ही दिन जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान एक्शन मोड में नजर आए। मंगलवार को उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों, रिकॉर्ड रूम और आपदा परिचालन केन्द्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान दफ्तरों में अभिलेखों के रखरखाव, साफ-सफाई, कर्मचारियों की कार्यशैली और आम लोगों को दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया गया।
डीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को साफ निर्देश दिए कि फरियादियों की शिकायतों का तय समय में निस्तारण हो और लोगों के साथ व्यवहार संवेदनशील रखा जाए। उन्होंने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने के साथ पत्रावलियों और अभिलेखों को व्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने पर जोर दिया।
रिकॉर्ड रूम के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुराने अभिलेखों के डिजिटलीकरण की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरी दस्तावेजों का सुरक्षित संरक्षण प्रशासनिक व्यवस्था का अहम हिस्सा है। साथ ही कार्यालय परिसरों में साफ-सफाई बेहतर रखने को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
आपदा परिचालन केन्द्र पहुंचकर डीएम ने मानसून सीजन की तैयारियों की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने संवेदनशील इलाकों, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों और दुर्गम गांवों की स्थिति पर अपडेट लिया। सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने को कहते हुए निर्देश दिया कि राहत और बचाव कार्यों की तैयारियां पूरी रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके। निरीक्षण के दौरान एडीएम केके मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।






