Uttarakhand

उत्तराखंड : विकास योजनाओं को मिलेगी रफ्तार… धामी ने दी 191 करोड़ की मंजूरी

कुंभ 2027 की तैयारियों से लेकर सड़क, बिजली, पार्किंग, आवास और सौंदर्यीकरण परियोजनाओं के लिए दीं बड़ी स्वीकृतियां, ऋषिकेश के आस्था पथ, हरिद्वार के घाटों, मुक्तेश्वर की पार्किंग और बिजली ढांचे को मजबूत करने वाली योजनाओं को भी मंजूरी मिली

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 2 जून 2026

उत्तराखंड में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 191 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं को वित्तीय और प्रशासनिक मंजूरी दी है। इन योजनाओं में बाढ़ सुरक्षा, सड़क निर्माण, सरकारी आवास, बिजली व्यवस्था, पार्किंग, धार्मिक स्थलों के विकास और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कई काम शामिल हैं।

देहरादून जिले के रायपुर विधानसभा क्षेत्र में सांग नदी के चैनलाइजेशन के लिए 3.62 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं विकासनगर कॉलोनी में नलकूप निर्माण के लिए 63.62 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। हरिद्वार में पुराने दिल्ली नीतिपास राज्य मार्ग समेत लोक निर्माण विभाग के अधीन कई आंतरिक सड़कों के निर्माण और सुधार के लिए 21.64 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।

टिहरी गढ़वाल के नरेंद्रनगर स्थित बाह्य न्यायालय परिसर में कर्मचारियों के आवास निर्माण के प्रथम चरण के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है। हरिद्वार स्थित राजकीय विशेष गृह परिसर में सुरक्षा कर्मियों के भवन निर्माण के लिए 5.55 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

पर्यटन विभाग के तहत नैनीताल जिले के रामगढ़ ब्लॉक स्थित मोहन बाजार मुक्तेश्वर में कार पार्किंग निर्माण के लिए 9.89 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। उधम सिंह नगर के सितारगंज स्थित संपूर्णानंद शिविर में पुरानी गौशाला के टिन शेड निर्माण के लिए 32.74 लाख रुपये दिए गए हैं। वहीं निर्माणाधीन पर्वतीय विकास भवन के शेष कार्य पूरे करने के लिए 80 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।

बागेश्वर जिले के कांडा क्षेत्र में मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण के लिए 5.41 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन को आरडीएसएस योजना के तहत चल रहे कार्यों के लिए 70 करोड़ रुपये जारी करने की अनुमति दी गई है। इसके अलावा ऋषिकेश की आस्था पथ परियोजना के सौंदर्यीकरण के लिए 35.78 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड की निर्माणाधीन योजनाओं के लिए चालू वित्तीय वर्ष में 25 करोड़ रुपये अंशपूंजी के रूप में मंजूर किए गए हैं। भवनों के ऊपर से गुजर रही विभिन्न वोल्टेज की बिजली लाइनों को शिफ्ट करने के लिए भी 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में प्रेमनगर आश्रम गंगा घाट के सौंदर्यीकरण के लिए 1.50 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वीरभद्र बैराज ऋषिकेश से चंडी घाट हरिद्वार तक सड़क की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण के लिए 4.68 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है।

पिथौरागढ़ जिले के कनालीछीना विकासखंड की ग्राम पंचायत सुरूण में कालसीन देवता मंदिर परिसर में धर्मशाला निर्माण, मार्ग चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए 27 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं टिहरी गढ़वाल के जौनपुर विकासखंड की नैनबाग तहसील के ग्राम विरोड़ में स्थित नाग देवता के प्राचीन मंदिर के पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण के लिए 49.86 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

ये भी पढ़ें  छाम की Broiler Hatchery से बदल रही तस्वीर, सस्ते चूजों ने Poultry Farming को दी नई रफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button