लखनऊ, 4 जून 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में अपना आशियाना खरीदने का सपना देख रहे मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए अच्छी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अफोर्डेबल हाउसिंग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अनंतनगर योजना में ‘अदिति अपार्टमेंट’ नाम से नई आवासीय परियोजना विकसित करने का निर्णय लिया है। इस परियोजना में 1392 फ्लैट्स बनाए जाएंगे। इससे सैकड़ों परिवारों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त किफायती आवास उपलब्ध हो सकेगा।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक अनंतनगर योजना के आदर्श खंड में 18,411 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले ग्रुप हाउसिंग भूखंड पर इस बहुमंजिला सोसाइटी का निर्माण किया जाएगा। यह अनंतनगर योजना की पहली हाईराइज आवासीय परियोजना होगी। परियोजना के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। जल्द ही निर्माण कार्य के लिए टेंडर जारी किया जाएगा।

अदिति अपार्टमेंट में 412 वन बीएचके और 980 टू बीएचके फ्लैट्स बनाए जाएंगे। वन बीएचके फ्लैट का क्षेत्रफल 38.25 वर्गमीटर होगा और टू बीएचके फ्लैट 50.10 वर्गमीटर क्षेत्रफल के होंगे। खास बात यह है कि वन बीएचके फ्लैट में दो और टू बीएचके फ्लैट में तीन बालकनियां दी जाएंगी। इससे बेहतर वेंटिलेशन और खुलापन मिलेगा।
परियोजना में पांच आवासीय टावर बनाए जाएंगे। निवासियों की सुविधा के लिए बेसमेंट और स्टिल्ट पार्किंग की व्यवस्था होगी जहां 545 चार पहिया वाहनों को पार्क करने की क्षमता होगी। इसके अलावा लगभग 7,500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में पार्क और ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी। इससे पूरी सोसाइटी हरियाली से घिरी नजर आएगी। एलडीए का दावा है कि अधिकांश फ्लैट्स से निवासियों को हरित क्षेत्र का सुंदर दृश्य देखने को मिलेगा।
एलडीए के अभियंताओं के अनुसार परियोजना को आधुनिक शहरी जीवनशैली के अनुरूप डिजाइन किया गया है। इसमें हाई-स्पीड लिफ्ट, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, पावर बैकअप, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम, कम्यूनिटी स्पेस और पेडेस्ट्रियन पाथ-वे जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। एलडीए की यह महत्वाकांक्षी योजना किफायती आवास उपलब्ध कराने के साथ लोगों को हरियाली और आधुनिक सुविधाओं से भरपूर बेहतर जीवनशैली भी प्रदान करेगी।






