Gorakhpur

चार्ज हो रही स्कूटी से लगा करंट … होनहार कराटे चैंपियन प्रांजल की मौत, सदमे में परिवार

8वीं कक्षा के छात्र की हादसे में गई जान, पहले बेटी को खो चुके परिवार पर टूटा एक और दुख, पिता काम से बाहर जाने की तैयारी में थे

गोरखपुर, 5 जून 2026:

गोरखपुर के गगहा क्षेत्र में इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग के दौरान हुए हादसे में 14 वर्षीय प्रांजल यादव की मौत हो गई। करंट लगने से गंभीर रूप से झुलसे छात्र को परिजन तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

गगहा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर भलुवान गांव निवासी प्रमोद यादव अपने परिवार के साथ यशोदरा कुंज मोहल्ले में रहते हैं। बुधवार सुबह करीब 10 बजे उनके मकान के ग्राउंड फ्लोर पर इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्ज हो रही थी। इसी दौरान उनका बेटा प्रांजल चार्जिंग सिस्टम के संपर्क में आ गया और तेज करंट की चपेट में आकर अचेत होकर गिर पड़ा।

WhatsApp Image 2026-06-05 at 9.12.22 AM

बताया गया कि हादसे के समय प्रांजल की मां पहली मंजिल पर थीं। आसपास के लोगों की आवाज सुनकर वह नीचे पहुंचीं तो बेटा बेहोश पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पिता भी घर लौट आए। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

प्रांजल आठवीं कक्षा का छात्र था और पढ़ाई में काफी अच्छा माना जाता था। परिवार और गांव के लोगों के मुताबिक वह जूडो-कराटे का प्रतिभाशाली खिलाड़ी था। कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुका था और अपनी मेहनत व अनुशासन की वजह से पहचान बना रहा था।

पिता प्रमोद यादव ठेकेदारी का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि घटना के समय वह काम के सिलसिले में छत्तीसगढ़ जाने की तैयारी में थे। तभी बेटे को करंट लगने की सूचना मिली और वह तुरंत घर वापस लौटे।
परिवार के लिए यह दूसरा बड़ा सदमा है। प्रमोद यादव ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी की भी पहले एक हादसे में मौत हो चुकी है। अब बेटे के निधन के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही रिश्तेदारों और परिचितों का घर पर जमावड़ा लग गया। बाद में गमगीन माहौल में प्रांजल का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button