Lucknow City

अजय राय क्यों हुए बेहोश, जानिए वजह… अब सेहत में सुधार, PM मोदी ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना

कांग्रेस दफ्तर में कार्यक्रम के दौरान सीने में दर्द और घबराहट के बाद रास्ते में हुए थे बेहोश, स्ट्रोक-हार्ट अटैक की आशंका निकली गलत, निजी अस्पताल में चल रहा इलाज

लखनऊ, 2 मई 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद शुक्रवार को बेहोशी की हालत में मेदांता अस्पताल में भर्ती कराए गए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की सेहत में सुधार बताया गया है। इमरजेंसी में एक्सपर्ट डॉक्टरों की निगरानी में इलाज के बाद उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। उधर, पीएम मोदी ने अजय राय के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

अस्पताल प्रशासन के मुताबिक शुरुआती लक्षणों को देखते हुए ब्रेन स्ट्रोक या हार्ट अटैक की आशंका जताई गई थी। हालांकि तुरंत कराए गए ब्रेन के सीटी स्कैन और कार्डियक जांच में ऐसी कोई पुष्टि नहीं हुई। ट्रॉप-टी और ट्रॉप-आई जैसी महत्वपूर्ण जांचें भी सामान्य पाई गईं। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि अजय राय की तबीयत बिगड़ने का मुख्य कारण शरीर में सोडियम का स्तर कम होना था। इससे उन्हें बेहोशी जैसा महसूस हुआ।

Ajay Rai Health Update Why He Fainted Today (1)

मेदांता लखनऊ के निदेशक डॉ. राकेश कपूर के मुताबिक अजय राय को सीने में दर्द, बेचैनी और बेहोशी की शिकायत के साथ लाया गया था। इमरजेंसी में भर्ती करने के बाद तुरंत मल्टी डिसिप्लिनरी टीम को इलाज में लगाया गया। फिलहाल उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

डॉक्टरों के अनुसार वे अब होश में हैं और खतरे से बाहर हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को अजय राय पार्टी कार्यालय में श्रमिक दिवस और बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान दिल्ली से आए कांग्रेस नेता अविनाश पांडेय और सुप्रिया श्रीनेत समेत कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रही।

कार्यक्रम के बाद वे यूपी प्रभारी अविनाश पांडेय को एयरपोर्ट छोड़कर वापस कार्यालय लौटे थे, जहां दूसरे कार्यक्रम के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इस घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर अजय राय के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। फिलहाल डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में उनका इलाज जारी है। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच राहत की खबर है कि उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button