अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला कल आएंगे लखनऊ, भव्य स्वागत की तैयारियां, घर के सामने रातोंरात बनी सड़क

लखनऊ, 24 अगस्त 2025:
अंतरिक्ष यात्रा से लौटने के बाद शुभांशु शुक्ला पहली बार सोमवार (25 अगस्त) को अपने शहर पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए लखनऊ में विशेष तैयारियां की गई हैं। एयरपोर्ट से लेकर नैमिष वीवीआईपी गेस्ट हाउस तक स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं। पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल है।
लखनऊ में त्रिवेणी नगर स्थित शुभांशु शुक्ला के
घर को सजाया गया है। उनके घर के सामने रातोंरात नई सीमेंटेड सड़क भी बना दी गई है। इसके साथ ही सरकार ने त्रिवेणी नगर वार्ड की एक सड़क का नाम “शुभांशु शुक्ला मार्ग” रखने का एलान किया है।
परिवार में खुशी का माहौल है। पिता शंभू दयाल शुक्ला ने बताया कि उन्हें गर्व है कि उनका बेटा अंतरिक्ष से लौटकर अपने शहर आ रहा है। हालांकि सुरक्षा कारणों से यह साफ नहीं है कि शुभांशु अपने घर आ पाएंगे या नहीं, क्योंकि उनका प्रवास नैमिष वीवीआईपी गेस्ट हाउस में ही तय है। उनकी पत्नी कामना और बेटा कियाश भी लखनऊ पहुंचेंगे। मां और बहन ने भी खुशी जाहिर की। बहन सुची मिश्रा ने कहा कि वह भाई को राखी बांधकर स्वागत करेंगी। शुभांशु शुक्ला के स्वागत कार्यक्रम के चलते सोमवार सुबह शहर के कई मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा।

शहर में किया गया रूट डायवर्जन
-दिलकुशा तिराहा रेलवे क्रॉसिंग से पायनियर तिराहा की ओर जाने वाले वाहन पिपराघाट गोलचक्कर नहीं जा सकेंगे, उन्हें अर्जुनगंज बाजार से होकर डायवर्ट किया जाएगा।
-पिपराघाट गोलचक्कर तिराहा से जी-20 तिराहा शहीद पथ की ओर जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा।
-जी-20 तिराहा से गोमतीनगर जाने वाले वाहन हुसाड़िया जीवन प्लाजा और शहीद पथ से होकर जाएंगे।
-जनेश्वर मिश्र पार्क गेट नंबर 7 से कावेरी अपार्टमेंट और डीपीएस स्कूल की ओर जाने वाले वाहनों को गेट नंबर 1 व 2 से डायवर्ट किया जाएगा।
-शहीद पथ सर्विस रोड से हेल्थ सिटी विस्तार चौराहा होते हुए डीपीएस जाने वाले वाहनों को मैकूलाल तिराहे से डायवर्ट किया जाएगा।
-मैकूलाल तिराहा से गोमतीनगर विस्तार थाना की ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।







