Uttarakhand

मौसम ने रोकी राहुल गांधी की उड़ान…उत्तराखंड का दौरा रद्द, जनता को दिया ये संदेश

पंतनगर से वापस लौटना पड़ा दिल्ली, अल्मोड़ा में जनसभा को करना था संबोधित, राहुल गांधी ने एक्स अकाउंट पर पोस्ट और एक वीडियो संदेश जारी कर जताया खेद

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 4 जून 2026:

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का गुरुवार को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरा खराब मौसम होने की वजह से रद्द हो गया। राहुल गांधी को अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करना था जिसके लिए वह सुबह पंतनगर पहुंच चुके थे। यहां से उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए अल्मोड़ा रवाना होना था लेकिन अचानक मौसम खराब हो गया। खराब विजिबिलिटी और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पायलट ने उड़ान भरने से इनकार कर दिया।

बताया गया कि हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग भी करानी पड़ी। इसके बाद काफी देर तक मौसम के सामान्य होने का इंतजार किया गया लेकिन हालात में सुधार नहीं होने पर पूरा दौरा रद्द कर दिया गया और राहुल गांधी दिल्ली लौट गए।

WhatsApp Image 2026-06-04 at 3.17.10 PM

दौरा रद्द होने के बाद राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया के एक्स अकाउंट पर पोस्ट और एक वीडियो संदेश जारी कर उत्तराखंड की जनता से खेद जताया। उन्होंने कहा कि वह प्रदेश के लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनना चाहते थे और युवाओं के भविष्य, रोजगार, आर्थिक चुनौतियों तथा राज्य के विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा करना चाहते थे लेकिन मौसम की गंभीर स्थिति के कारण ऐसा संभव नहीं हो पाया।

राहुल गांधी ने बताया कि पौड़ी गढ़वाल में पूर्व सैनिकों के साथ बैठक और कोटद्वार में भी कार्यक्रम निर्धारित थे जिन्हें स्थगित करना पड़ा। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता और प्रकृति के आगे सभी को विनम्र रहना पड़ता है। राहुल गांधी ने भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही दोबारा उत्तराखंड आएंगे और इस बार ज्यादा समय लेकर प्रदेशवासियों से विस्तार से बातचीत करेंगे। दौरा रद्द होने के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उनके अगले कार्यक्रम को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button