Entertainment

सनी देओल की दहाड़, बंटवारे का दर्द…जानिए सोशल मीडिया पर क्यों चर्चा में है ये टीजर

विभाजन की दर्दनाक कहानी और दमदार डायलॉग्स ने बढ़ाई दर्शकों में उत्सुकता, 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म

एंटरटेनमेंट डेस्क, 19 जून 2026:

जब एक लकीर ने देश को दो हिस्सों में बांट दिया था तब सिर्फ जमीन नहीं बंटी थी बल्कि कई घर भी उजड़ गए थे। उसी दर्दनाक अध्याय को बड़े पर्दे पर सनी देओल की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ लेकर आने वाली है। फिल्म का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है। दंगों की भयावह तस्वीरें, दिल को छू लेने वाला म्यूजिक और सनी देओल के दमदार तेवर फैंस को खूब भा रहे हैं।
batwara-1947-teaser-release-sunny-deol-aamir-khan

आमिर खान के प्रोडक्शन और राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी ये फिल्म भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में सनी देओल सिकंदर मिर्जा के किरदार में हैं। टीजर की एक झलक दर्शकों को काफी पसंद आ रही है जब याकूब खान का किरदार निभा रहे अभिमन्यु सिंह सनी देओल से पूछते हैं कि ‘पंगा लेना है? तो सनी देओल का जवाब आता है कि इरादा तो नहीं है पर ऐतराज भी नहीं हैं।’

फिल्म की कहानी प्रसिद्ध लेखक असगर वजाहत के चर्चित नाटक ‘जिस लाहौर नहीं वेख्या, ओ जम्याई नई’ से प्रेरित बताई जा रही है। कहानी एक बुजुर्ग हिंदू महिला के इर्द-गिर्द घूमती है जो विभाजन के बाद भी लाहौर स्थित अपने पुश्तैनी घर को छोड़ने के लिए तैयार नहीं होती। वहीं भारत से पाकिस्तान पहुंचे एक मुस्लिम परिवार को वही हवेली आवंटित कर दी जाती है। बदलते हालात, मानवीय रिश्तों और सांप्रदायिक तनाव के बीच बुनी गई यह कहानी इंसानियत का गहरा संदेश देती है।

यह फिल्म इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि इसके जरिए सनी देओल और निर्देशक राजकुमार संतोषी की सफल जोड़ी लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है। इससे पहले दोनों घायल, दामिनी और घातक जैसी यादगार फिल्में दे चुके हैं। इस फिल्म का निर्माण आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने किया है। वहीं संगीत एआर रहमान ने दिया है और गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं।

इस फिल्म में सनी देओल के अलावा शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, अली फजल, करण देओल और अभिमन्यु सिंह जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। गदर 2, जाट और बॉर्डर 2 जैसी हिट फिल्में देने के बाद सनी देओल की लोकप्रियता लगातार बढ़ी है। ऐसे में ‘बंटवारा 1947’ को लेकर दर्शकों की उम्मीदें सनी देओल से काफी बड़ी हैं। यह फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button