Sports

75 साल ताले में बंद रही ब्रेडमैन की कैप… गुमनाम खरीरदार ने लगभग 3 करोड़ में खरीदी, भारत से जुड़ा है खास रिश्ता

डॉन ब्रेडमैन की वह ऐतिहासिक बैगी ग्रीन कैप, जो उन्होंने 1947-48 में आजाद भारत के खिलाफ पहली टेस्ट सीरीज में पहनी थी और भारतीय गेंदबाज श्रीरंगा सोहनी को गिफ्ट की थी, नीलामी में 2.92 करोड़ रुपये में बिकी। यह कैप करीब 75 साल तक सोहनी परिवार के पास सुरक्षित रही

खेल डेस्क, 27 जनवरी 2026:

ऑस्ट्रेलिया के महान क्रिकेटर सर डोनाल्ड डॉन ब्रेडमैन की बैगी ग्रीन कैप की नीलामी सोमवार को गोल्ड कोस्ट में हुई। इस नीलामी में एक गुमनाम खरीदार ने यह कैप 4,60,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर में खरीदी, जिसकी कीमत भारतीय मुद्रा में करीब 2.92 करोड़ रुपये है। यह वही ऐतिहासिक कैप है, जिसे ब्रेडमैन ने 1947-48 में आजाद भारत के खिलाफ खेली गई पहली टेस्ट सीरीज के दौरान पहना था।

भारतीय गेंदबाज को दिया था तोहफा

ब्रेडमैन ने अपनी आखिरी घरेलू टेस्ट सीरीज 1947-48 के बाद यह खास कैप भारतीय टीम के ओपनिंग गेंदबाज श्रीरंगा सोहनी को यादगार के तौर पर गिफ्ट की थी। इसके बाद सोहनी परिवार ने इस कैप को करीब 75 साल तक बेहद संभालकर रखा। इस कैप को कभी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित नहीं किया गया और यह लंबे समय तक परिवार के पास सुरक्षित रही।

WhatsApp Image 2026-01-27 at 11.49.29 AM

तीन पीढ़ियों तक रही ताले में बंद

लॉयड्स ऑक्शंस के सीओओ ली हेम्स ने इस कैप को क्रिकेट की दुनिया का सबसे कीमती खजाना बताया। उन्होंने कहा कि यह कैप तीन पीढ़ियों तक ताले में बंद रही। परिवार का नियम था कि जब कोई सदस्य 16 साल का होता था, तभी उसे सिर्फ 5 मिनट के लिए इस कैप को देखने की इजाजत दी जाती थी।

आजाद भारत की पहली गेंद का ऐतिहासिक पल

भारतीय क्रिकेटर श्रीरंगा सोहनी ने 1947-48 की उस सीरीज में केवल पहला टेस्ट मैच खेला था। भले ही उन्हें उस मैच में कोई विकेट नहीं मिला, लेकिन उन्होंने उस मुकाबले की पहली गेंद फेंकी थी। यह आजाद भारत के क्रिकेट इतिहास की भी पहली गेंद थी। इसी ऐतिहासिक मैच के बाद ब्रेडमैन ने अपनी बैगी ग्रीन कैप सोहनी को सौंप दी थी।

WhatsApp Image 2026-01-27 at 11.49.29 AM (1)

कैप पर दर्ज हैं दोनों दिग्गजों के नाम

इस खास कैप के अंदर डोनाल्ड ब्रेडमैन और श्रीरंगा सोहनी दोनों के नाम लिखे हुए हैं। कैप पर ऑस्ट्रेलियाई प्रतीक के नीचे 1947-48 भी कढ़ाई से लिखा गया है। क्रिकेट जगत में ब्रेडमैन की ऐसी केवल 11 बैगी ग्रीन कैप्स की जानकारी है, क्योंकि उस दौर में खिलाड़ी हर सीरीज के लिए अलग कैप पहनते थे।

नीलामी में शेन वॉर्न का रिकॉर्ड अब भी सबसे ऊपर

नीलामी इतिहास में सबसे महंगी बैगी ग्रीन कैप का रिकॉर्ड अब भी दिग्गज स्पिनर शेन वॉर्न के नाम है। साल 2020 में उनकी कैप करीब 5.90 करोड़ रुपये में बिकी थी और यह रकम बुशफायर चैरिटी को दी गई थी। वहीं ब्रेडमैन की 1928 में डेब्यू वाली कैप भी 2020 में करीब 2.65 करोड़ रुपये में नीलाम हुई थी। 1947-48 की उस ऐतिहासिक सीरीज में भारत को 0-4 से हार का सामना करना पड़ा था। ब्रेडमैन ने उस सीरीज में 178.75 की औसत से 715 रन बनाए थे, जिसमें तीन शतक शामिल थे।

ये भी पढ़ें  22 शतक, 38 छक्के और 574 रन! विजय हजारे ट्रॉफी में पहले दिन बने ये वर्ल्ड रिकॉर्ड

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link