Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ : शादी में चिकन खाने के बाद बिगड़ी लोगों की तबियत, 9 साल की बच्ची की मौत, कई लोग बीमार

रायपुर, 15 फरवरी 2025

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में शादी में खाना खाने के बाद अचानक एक बच्ची की मौत और 15 लोगों के बीमार होने की खबर ने सभी को हैरान कर दिया है. शुक्रवार (14 फरवरी) को अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि घटना जिले के मर्दापाल क्षेत्र के हंगवा गांव में घटी है.       

कोंडागांव जिले के मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी आर के सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिलाओं, बच्चों और गांव के दूसरे लोगों ने भी बुधवार (12 फरवरी) को एक ग्रामीण के पारिवारिक समारोह में खाना खाया था, जहां उन्हें चिकन और पनीर परोसा गया था. इसी भोजन के बाद गांव वालों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी।
सूचना मिलने पर गुरुवार (13 फरवरी) को गांव में स्वास्थ्य अधिकारियों का एक दल भेजा गया. उन्होंने बताया कि पीड़ितों को कोंडागांव जिला अस्पताल ले जाया गया. अधिकारियों ने बताया कि एक बच्ची की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई. अधिकारी ने बताया कि 15 अन्य लोगों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है जिनमें ज्यादातर बच्चे हैं।

सिंह ने बताया, ‘‘प्रथम दृष्टया यह भोजन विषाक्त (food poisoning) का मामला प्रतीत होता है. जिस घर में समारोह हुआ था, वहां से पनीर और चिकन के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे गए हैं. ’’उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों की जांच के लिए गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है।
इस बीच, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बच्ची की मौत पर दुख जताया है और अधिकारियों को बीमार लोगों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘कोंडागांव जिले के मर्दापाल क्षेत्र के ग्राम हंगवा में फूड पॉइजनिंग से एक बच्ची की मृत्यु और 15 लोगों के बीमार होने की खबर अत्यंत दुःखद है. ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने व पीड़ितों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘घटना की जानकारी मिलते ही मंत्रिमंडल के सहयोगी केदार कश्यप जी ने जिला अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों का हालचाल जाना. मामले में अधिकारियों एवं चिकित्सकों को इलाज की बेहतर व्यवस्था के लिए निर्देशित किया गया है।

ये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें  छत्तीसगढ़ : रात में घर में घुसा चोर, शख्स ने पकड़ा, तो ब्लेड से काटा दिया गला, आरोपी गिरफ्तार 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button