
लखनऊ, 3 अगस्त 2026:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि किसी भी उचित शिकायत को लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है। सरकार हर मामले में निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई करेगी। मुख्यमंत्री ने मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का तय समय के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
हर शिकायत पर समय सीमा के भीतर कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री खुद लोगों के बीच पहुंचे। उन्होंने एक-एक कर प्रार्थना पत्र लिए, शिकायतें सुनीं और संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी मामले का निस्तारण बिना भेदभाव के तय समय में होना चाहिए। कोई फरियादी ये कहता न मिले कि वो पहले शिकायत लेकर आया था और कार्रवाई नहीं हुई।
जमीन कब्जा और अपराध के मामलों में सख्ती
अपराध और जमीन पर जबरन कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले लोगों के मामलों में अस्पतालों से एस्टिमेट जल्द मंगाने को कहा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एस्टिमेट मिलते ही सरकार की ओर से आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

बच्चों से की बातचीत, चॉकलेट भी दी, पढ़ाई के साथ हुनर निखारने की सलाह
जनता दर्शन में कई अभिभावक अपने बच्चों के साथ पहुंचे थे। कुछ बच्चे उनके गोद में सोते दिखे। वहीं तमाम बड़े बच्चे भी साथ रहे। मुख्यमंत्री ने उन बच्चों से उनकी पढ़ाई, पसंद और रुचि के बारे में बात की। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया और मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने बच्चों से कहा कि पढ़ाई के साथ किसी एक अतिरिक्त क्षेत्र में भी खुद को तैयार करें। उन्होंने खेल, गीत-संगीत, कला और नाट्य जैसी गतिविधियों में प्रशिक्षण लेने की सलाह देते हुए कहा कि अपने अंदर छिपी प्रतिभा को लगातार निखारते रहें।






