लखनऊ, 2 मई 2026:
यूपी में जल जीवन मिशन के तहत हो रहे कार्यों में लापरवाही पर सीएम योगी ने कड़ा रुख अपनाया हैं। उन्होंने प्रदेश के सभी डीएम को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि खुदाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए और कार्य पूरा होते ही खोदी गई सड़कों व गड्ढों को तत्काल भरा जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम ने निर्देश दिए हैं कि डीएम, जल जीवन मिशन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी और अन्य विभागीय जिम्मेदार अधिकारी खुद मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण करें। वे यह सुनिश्चित करें कि कहीं भी सड़कें खोदी हुई न छूटें और आमजन को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि अधूरे कार्य, देरी या लापरवाही करने वाली कार्यदायी संस्थाओं और ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। इसमें जुर्माना लगाने के साथ ब्लैकलिस्ट करना भी शामिल है।
सरकार का फोकस काम पूरा करने के साथ गुणवत्ता और सुरक्षा बनाए रखना भी है। इसी के तहत मुख्यमंत्री ने जल समाधान पोर्टल पर दर्ज होने वाली शिकायतों जैसे जल आपूर्ति, लीकेज या खुदाई से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आम नागरिक 18001212164 टोल फ्री नंबर पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
मालूम हो कि प्रदेश में जल जीवन मिशन के तहत अब तक करीब 2.50 करोड़ से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल कनेक्शन उपलब्ध कराया जा चुका है। खासकर विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्रों में लगभग शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है।
योगी सरकार का दावा है कि हर घर जल का सपना तेजी से साकार हो रहा है। अब इसके साथ ही निर्माण कार्यों में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर भी पूरा जोर दिया जा रहा है। साफ संदेश है कि काम में ढिलाई नहीं वरना सख्त कार्रवाई होगी।






