Uttar Pradesh

इटावा पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष… पंचायत चुनावों में पूरी ताकत से जुटने का कार्यकर्ताओं को दिया संदेश

इटावा, 22 जून 2025:

यूपी के इटावा जिले के बसरेहर क्षेत्र के बादरीपूठ में शनिवार को कांग्रेस की ओर से आयोजित संगठन सृजन एवं सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आगामी पंचायत चुनावों के लिए पूरी ताकत से जुटने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव कार्यकर्ताओं का है। कांग्रेस संगठन इसे गंभीरता से ले रहा है।

“पंचायत चुनाव जीतने वाले को मिलेगा विधानसभा चुनाव का टिकट”

ये भी पढ़ें:

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनता से जुड़ रहा है। उन्होंने घोषणा की कि पंचायत चुनाव में जो उम्मीदवार जीतकर आएंगे, उन्हें 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का टिकट दिया जाएगा। इस दौरान कई नए सदस्यों ने कांग्रेस की विचारधारा में आस्था जताते हुए पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजय राय ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान और डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों पर लगातार प्रहार कर रही है। उन्होंने कहा, “हम संविधान को खत्म करने की साजिश को सफल नहीं होने देंगे।”

वाराणसी कॉरिडोर व वृंदावन के विकास कार्यों पर उठाए सवाल

वाराणसी कॉरिडोर और वृंदावन के विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर धार्मिक आस्था के नाम पर व्यापार खड़ा करने का आरोप लगाया। उन्होंने चेताया कि अगर मथुरा और वृंदावन की ऐतिहासिक कुंज गलियां नष्ट हो गईं, तो वहां की सांस्कृतिक पहचान भी समाप्त हो जाएगी। उन्होंने मथुरा की सांसद हेमा मालिनी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें वृंदावन की वास्तविकता का कोई ज्ञान नहीं है और इस बार वह चुनाव में हार जाएंगी।

कौशांबी की घटना का जिक्र करते हुए राय ने आरोप लगाया कि वहां पीड़ित परिवार को कांग्रेस से दूर रहने के लिए धमकाया गया। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को डराकर एक वीडियो जारी कराया गया, जिसमें कांग्रेस नेताओं से संपर्क नहीं करने की अपील की गई। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशुतोष दीक्षित समेत कई पदाधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें  डीएनए विवाद : डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के समर्थन में आए लखनऊ के व्यापारी, शहर में लगाए होर्डिंग्स

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button