बीजेपी की ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में उमड़ी भीड़, 2047 तक भारत को विकसित बनाने का लिया संकल्प
परेड ग्राउंड में कार्यकर्ताओं ने सुना पीएम मोदी का संबोधन, यात्रा सर्वे चौक, कनक चौक और रेसकोर्स होते हुए लैंसडाउन चौक पहुंची, लोग हाथों में दीप लेकर लगा रहे थे नारे, रास्ते भर दिखे उत्साहित

राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 7 अक्टूबर 2026ः
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने पर बुधवार को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भाजपा ने शक्ति प्रदर्शन के साथ ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली। परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय सभागार में भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में पीएम मोदी का संबोधन सुना गया। संबोधन के दौरान पूरा सभागार ‘मोदी-मोदी’ के नारों से गूंजता रहा। वहीं, कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के आह्वान पर ‘I Will Do It’ का उद्घोष करते हुए 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का प्रण लिया।

मोदी के संबोधन के बाद प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने अतिथियों और कार्यकर्ताओं को विकसित भारत-2047 का संकल्प दिलाया। इसके बाद सभागार से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ शुरू हुई। सेवा ज्योति यात्रा परेड ग्राउंड से सर्वे चौक, कनक चौक और रेसकोर्स होते हुए लैंसडाउन चौक पहुंची। रास्ते भर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। हाथों में दीप और नारों के बीच निकली यात्रा ने राजधानी में भाजपा के संगठनात्मक उत्साह का प्रदर्शन किया। लैंसडाउन चौक पर विशाल दीप प्रज्वलित कर सेवा, समर्पण और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सांसद नरेश बंसल, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल समेत कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हुए।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, विजय बहुगुणा, महानगर प्रभारी राकेश गिरी, विधायक विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, बृजभूषण गैरोला, सहदेव सिंह पुंडीर, प्रेमचंद अग्रवाल, राज्य मंत्री ज्योति प्रसाद गैरोला, पुनीत मित्तल, मधु भट्ट, श्याम अग्रवाल, कुलदीप बुटोला और विनय रोहिल्ला, कार्यक्रम संयोजक महामंत्री संदीप मुखर्जी, मीडिया प्रभारी प्रदीप कुमार के साथ महानगर पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, पार्षदों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम और यात्रा में भाग लिया।






