पटाखा कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर छापा, छह फर्मों के खिलाफ कार्रवाई, 92 लाख वसूले
राज्य कर विभाग की टीमों ने देहरादून, ऋषिकेश और विकासनगर में की कार्रवाई, जांच के दौरान कारोबार से संबंधित अभिलेखों का किया मिलान, व्यापारियों में मचा हड़कंप

योगेंद्र मलिक
देहरादून, 4 नवंबर 2026 :
दीपावली के त्योहार पर पटाखा कारोबारियों के खिलाफ राज्य कर विभाग की टीम ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विभाग की अलग-अलग टीमों ने देहरादून, ऋषिकेश और विकासनगर में पटाखा कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने व्यापारियों के जीएसटी संबंधी दस्तावेजों की जांच की। कमियां मिलने पर छह फर्मों से 92 लाख रुपये जमा कराए गए।
टीम ने दस्तावेजों का किया सत्यापन
आयुक्त कर के निर्देश पर राज्य कर देहरादून के संयुक्त आयुक्त अजय कुमार ने कार्रवाई के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया। टीमों ने पटाखा कारोबार से जुड़े व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर खरीद-बिक्री, स्टॉक और अन्य व्यावसायिक दस्तावेजों का सत्यापन किया। जांच के दौरान कारोबार से संबंधित अभिलेखों का मिलान भी किया गया। अभिलेखों में कमियां मिलने पर छह फर्मों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
खरीद-बिक्री और स्टॉक के दस्तावेज खंगाले
विभागीय अधिकारियों के अनुसार त्योहारी सीजन में पटाखों की बिक्री का कारोबार बढ़ जाता है। ऐसे में खरीद-बिक्री और स्टॉक का सही ब्योरा दर्ज होना जरूरी है। इसी को देखते हुए यह अभियान चलाया गया, ताकि पटाखों की बिक्री से मिलने वाले कर राजस्व का संरक्षण किया जा सके। विभाग की टीमें कारोबारियों के अभिलेखों का सत्यापन कर रही है। कार्रवाई उप आयुक्त सुरेश कुमार के नेतृत्व में की गई।






