राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 14 मई 2026:
महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, लोहाघाट में प्रवेश के लिए अब प्रतिभाशाली छात्राओं को स्पॉट ट्रायल के माध्यम से एक और अतिरिक्त अवसर प्रदान किया जाएगा। खेल मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को सचिवालय स्थित एफआरडीसी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के बाद इसके लिए निर्देश दिए। कॉलेज में अब तक एक हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। किसी कारणवश जो मेधावी छात्राएं आवेदन नहीं कर पाई हैं तो उन्हें भी चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए 16 पद सृजित किए जा चुके हैं। जिनकी भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। कॉलेज का पहला शैक्षणिक सत्र एक जुलाई से शुरू करने की तैयारी की जा रही है। हल्द्वानी में भी प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय की कक्षाएं भी इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न जॉब देने की प्रक्रिया को तेज करने पर भी जोर दिया गया। इस संबंध में जल्द विज्ञप्ति जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, डाइट, आवास और यात्रा सुविधाओं को बेहतर किया जा रहा है ताकि राज्य की खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
इसके साथ-साथ स्पोर्ट्स हॉस्टलों को खेल नर्सरी के रूप में विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है जिसका पायलट प्रोजेक्ट इसी वर्ष शुरू किया जाएगा। ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन स्पोर्ट’ नीति के तहत राज्य के 13 जिलों में खेलों को बढ़ावा देने की रूपरेखा तय कर दी गई है।






