National

अब ‘दिमागी नक्सल जनता पार्टी’ की सोशल मीडिया पर एंट्री, एक दिन में 2 लाख पार फॉलोअर्स, जानिए क्या है पूरा मामला

पीएम मोदी के ‘दिमागी नक्सल’ बयान के बाद बना व्यंग्यात्मक सोशल मीडिया अकाउंट, भगत सिंह की विचारधारा का दावा, ‘सोचो, शोध करो और प्रतिरोध करो’ बना नारा

न्यूज डेस्क, 17 अगस्त 2026:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस भाषण में ‘दिमागी नक्सल’ शब्द के इस्तेमाल के बाद सोशल मीडिया पर इसी नाम से एक नया व्यंग्यात्मक अभियान तेजी से चर्चा में आ गया है। इंस्टाग्राम और एक्स पर ‘दिमागी नक्सल जनता पार्टी’ नाम से अकाउंट सामने आया है। खास बात यह है कि इंस्टाग्राम पर इस अकाउंट ने महज एक दिन में दो लाख से ज्यादा फॉलोअर्स जुटा लिए।

यह नया डिजिटल अभियान उसी तर्ज पर दिखाई दे रहा है, जिस तरह सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की ‘कॉकरोच’ वाली टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ यानी सीजेपी नाम से व्यंग्यात्मक मुहिम शुरू हुई थी। अब ‘दिमागी नक्सल जनता पार्टी’ राजनीतिक बहस, तंज और सोशल मीडिया एक्टिविज्म का नया केंद्र बनती दिख रही है।

‘एक दिमागी भारतीय’ संस्थापक, ‘56 इंच का’ सह-संस्थापक

ये भी पढ़ें:

‘दिमागी नक्सल जनता पार्टी’ के इंस्टाग्राम प्रोफाइल का अंदाज भी काफी व्यंग्यात्मक है। इसके बायो में संस्थापक के तौर पर ‘एक दिमागी भारतीय’ और सह-संस्थापक के तौर पर ‘56 इंच का’ लिखा गया है। हालांकि, इस अकाउंट को वास्तव में कौन संचालित कर रहा है और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। पार्टी के सोशल मीडिया प्रोफाइल पर नारा दिया गया है- ‘सोचो, शोध करो और प्रतिरोध करो।’ एक्स पर भी इसी नाम से अकाउंट मौजूद है और वहां हजारों लोग इसे फॉलो कर रहे हैं।
dimagi-naxal-janta-party-social-media-par-2-lakh-followers (2)

साइबर अटैक का दावा

सोमवार को इस अकाउंट की ओर से इंस्टाग्राम पेज पर कथित साइबर हमले का दावा भी किया गया। एक्स पर पोस्ट में कहा गया कि ‘@DNJP_India’ के खिलाफ साइबर अटैक शुरू हो गया है। सवाल उठाया गया कि क्या उनकी आवाज दबाने में कामयाबी मिलेगी। हालांकि, साइबर हमले के इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

भगत सिंह की विचारधारा का दावा

अकाउंट की कई पोस्ट में खुद को शहीद भगत सिंह की विचारधारा से जोड़ने का दावा किया गया है। एक पोस्ट में कहा गया कि वे भगत सिंह के अनुयायी हैं और यदि उनके अकाउंट बंद किए जाते हैं या उन्हें देशविरोधी बताया जाता है तो यह भगत सिंह का अपमान होगा। इससे साफ है कि यह अभियान खुद को केवल राजनीतिक व्यंग्य तक सीमित रखने के बजाय वैचारिक बहस से भी जोड़ने की कोशिश कर रहा है।

किन चर्चित चेहरों को फॉलो करता है अकाउंट?

‘दिमागी नक्सल जनता पार्टी’ का इंस्टाग्राम अकाउंट कई चर्चित सार्वजनिक चेहरों को फॉलो कर रहा है। इनमें कुणाल कामरा, ध्रुव राठी, प्रकाश राज, अनुराग कश्यप, सोनाक्षी सिन्हा, श्याम रंगीला, सोनम वांगचुक और रविश कुमार जैसे नाम शामिल हैं। खास बात यह भी है कि यह अकाउंट ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को भी फॉलो करता है।
सीजेपी हाल में सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान शुरू कर चुकी है। इसके तहत सरकारी स्कूलों की स्थिति का सोशल ऑडिट करने की अपील की गई थी।
dimagi-naxal-janta-party-social-media-par-2-lakh-followers (3)

नया डिजिटल राजनीतिक व्यंग्य?

‘दिमागी नक्सल जनता पार्टी’ की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता ऐसे समय में सामने आई है, जब सोशल मीडिया पर राजनीतिक शब्दों और नेताओं के बयानों को लेकर व्यंग्यात्मक अभियानों का चलन बढ़ रहा है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इस नए अकाउंट के पीछे कोई संगठित समूह है, राजनीतिक संगठन है या स्वतंत्र सोशल मीडिया यूजर्स का समूह।

फिलहाल दो लाख से ज्यादा फॉलोअर्स की तेजी से बढ़त ने इसे सोशल मीडिया की सुर्खियों में ला दिया है। आने वाले दिनों में यह अभियान महज डिजिटल व्यंग्य बनकर रह जाता है या किसी बड़े सोशल मीडिया आंदोलन का रूप लेता है, इस पर सबकी नजर रहेगी।

ये भी पढ़ें  World Lion Day पर योगी की अपील, अखिलेश का पलटवार- इटावा लायन सफारी पर छिड़ी सियासी जंग

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button