बिजनेस डेस्क, 4 मई 2026:
चुनावी नतीजों के दिन शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली। सुबह के कारोबार में सेंसेक्स 800 अंकों से ज्यादा उछल गया, जबकि निफ्टी भी 1 फीसदी से ऊपर की बढ़त के साथ ट्रेड करता दिखा। शुरुआती रुझानों में भाजपा के बेहतर प्रदर्शन की खबरों ने बाजार का सेंटिमेंट मजबूत किया।
कारोबार के दौरान सेंसेक्स 819.94 अंक चढ़कर 77,733.44 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 241.55 अंक की बढ़त के साथ 24,239.10 पर ट्रेड करता नजर आया। सुबह बाजार खुलने पर भी अच्छी तेजी दिखी थी, सेंसेक्स 343.77 अंक ऊपर 77,257.27 पर खुला, उसके बाद खरीदारी और बढ़ी।
तीन दिन बाद खुले बाजार में निवेशकों ने आक्रामक खरीदारी दिखाई। निफ्टी 24,160 के ऊपर बना रहा, जबकि सेंसेक्स भी 500 अंकों से ज्यादा चढ़कर 77,448.34 तक पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में ऑटो और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में अच्छी तेजी रही। मारुति का शेयर 4 फीसदी से ज्यादा उछला। हिंदुस्तान यूनिलीवर में 3 फीसदी से अधिक की बढ़त दर्ज हुई। अडानी पोर्ट्स, एलएंडटी, महिंद्रा एंड महिंद्रा में भी खरीदारी दिखी। वहीं कोटक महिंद्रा बैंक, टीसीएस, आईटीसी जैसे शेयरों में हल्की गिरावट रही।
चुनावी रुझानों में असम में भाजपा सरकार बनती दिख रही है, जबकि बंगाल में भी पार्टी के प्रदर्शन ने बाजार को पॉजिटिव संकेत दिए हैं। इसी उम्मीद में निवेशकों ने खरीदारी बढ़ाई। इससे पहले गुरुवार को बाजार दबाव में बंद हुआ था। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी, कमजोर ग्लोबल संकेत और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के चलते सेंसेक्स 582.86 अंक गिरकर 76,913.50 पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 180.10 अंक टूटकर 23,997.55 पर आ गया था।






