आगरा : चंबल क्षेत्र के जंगल में धधकी आग, ऐसे पाया गया काबू

मयंक चावला
आगरा, 15 दिसंबर 2024:
यूपी के आगरा में चंबल क्षेत्र के जंगलों में रविवार को आग धधक उठी। इसकी जानकारी होने पर आसपास के ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए तो दमकल को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग बुझाने में नाकाम रहे ग्रामीण, तमाम पौधे जले
यह आग पिनाहट क्षेत्र के पांड्या पूरा गांव से सटे जंगल में रविवार दोपहर भड़की। आसपास मौजूद बच्चों ने जंगल की झाड़ियों को जलते देखा तो आग बुझाने में जुट गए। उनकी कोशिश नाकाम रही और आग बढ़ती जा रही थी। इस बीच कुछ और लोग भी आ गए। वे भी आग पर काबू नहीं पा सके तो वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद दमकल कर्मी कई गाड़ियां लेकर मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक तमाम पौधे जल चुके थे।
जंगली जीवों को पैदा हुआ खतरा
मालूम हो कि चंबल क्षेत्र के बीहड़ में बड़ी संख्या में जीव-जंतु रहते हैं। जंगल में आग लगने की वजह से उनके जीवन को भी खतरा पैदा हो गया लेकिन गनीमत रही कि आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।






