न्यूज डेस्क, 3 जून 2026:
अगर आप नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो जून का महीना आपके लिए बेहद खास साबित हो सकता है। जून में ऑटोमोबाइल सेक्टर में कई बड़ी लॉन्चिंग होने जा रही हैं। इस महीने लग्जरी, इलेक्ट्रिक, हाइब्रिड और हाई-परफॉर्मेंस कारों की एंट्री भारतीय बाजार में देखने को मिलेगी। टाटा मोटर्स से लेकर, मर्सिडिज बेंज, बीएम ब्लू, होंडा स्कोडा और बीवाईडी जैसी दिग्गज कंपनियां अपनी नई गाड़ियां लॉन्च करने की तैयारी में हैं।
ऐसे में अगर आप नई एसयूवी, इलेक्ट्रिक कार या लग्जरी सेडान खरीदने का मन बना रहे हैं तो इन अपकमिंग कारों की लिस्ट पर एक नजर जरूर डाल लीजिए।
मर्सिडीज-बेंज एस-क्लास फेसलिफ्ट
लक्जरी कारों की दुनिया में इस कार का अलग ही रुतबा है। कंपनी 15 जून को इसका फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च करने जा रही है। इस बार कार में नया S 450e प्लग इन हाइब्रिड वेरिएंट देखने को मिल सकता है। इसमें 3.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ 22kWh बैटरी पैक दिया जा सकता है। माना जा रहा है कि शुरुआत में इसका पेट्रोल वर्जन लॉन्च होगा जबकि डीजल मॉडल को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है। नई एस क्लास में पहले से ज्यादा एडवांस टेक्नोलॉजी और प्रीमियम फीचर्स मिलने की उम्मीद है।

बीएमडब्ल्यू एक्स6 एम60आई
बीएमडब्ल्यू की ये नई परफॉर्मेंस कार भी जून में लॉन्च हो सकती है। इसकी बुकिंग पहले ही शुरू हो चुकी है। यह एसयूवी अपने दमदार इंजन और स्पोर्टी डिजाइन के लिए चर्चा में बनी हुई है इसमें आपको 4.4 लीटर ट्विन-टर्बो वी8 माइल्ड-हाइब्रिड पेट्रोल इंजन मिलेगा। कंपनी के मुताबिक यह एसयूवी महज 4.3 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी टॉप स्पीड 250 किमी प्रति घंटा बताई जा रही है।

होंडा जेडआर-वी
होंडा ने मई में अपनी इस नई एसयूवी कार को शोकेस किया था और अब जून में इसकी कीमतों का एलान किया जा सकता है। यह कार भारत में पूरी तरह से बनी हुई सीबीयू यूनिट के तौर पर आएगी। इस एसयूवी में 2.0 लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पेट्रोल इंजन मिलेगा जो करीब 184hp की पावर जनरेट करेगा। लॉन्चिंग के बाद इसकी डिलीवरी जुलाई से शुरू हो सकती है। यह एसयूवी उन ग्राहकों को पसंद आ सकती है जो माइलेज और प्रीमियम फीचर्स दोनों चाहते हैं।

स्कोडा कोडिएक आरएस
स्कोडा अपनी पहली आरएस बैज वाली एसयूवी भारत में लॉन्च करने जा रही है। इस एसयूवी में रेगुलर कोडिएक के मुकाबले ज्यादा ट्यून किया हुआ 2.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलेगा। इसमें 60 एचपी से ज्यादा पावर मिलेगा। बताया जा रहा है कि एसयूवी पसंद करने वाले ग्राहकों के लिए खास हो सकती है।

टाटा सिएरा ईवी
टाटा मोटर्स अपनी आइकॉनिक सिएरा को इलेक्ट्रिक अवतार में वापस लाने जा रही है। इस कार को इस साल की सबसे चर्चित लॉन्चिंग में से एक माना जा रहा है। इसमें एक बार फुल चार्ज करने पर 500 किलोमीटर से ज्यादा चलने की उम्मीद है। इसके अलावा इसमें रियर व्हील ड्राइवर और आल व्हील ड्राइव दोनों विकल्प मिल सकते हैं। ये कार भारतीय ईवी मार्केट में बड़ा बदलाव ला सकती है।

बीवाईडी की पहली प्लग इन हाइब्रिड
चीनी कंपनी बीवाईडी भी भारत में अपनी पहली प्लग इन हाइब्रिड कार लॉन्च करने जा रही है। हालांकि कंपनी ने अभी मॉडल का नाम आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह या बीवाईडी अट्टो 2 डीएम-आई या बीवाईडी सीलायन 6 डीएम-आई हो सकती है। बीवाईडी की यह लॉन्चिंग भारतीय हाइब्रिड और ईवी मार्केट में प्रतिस्पर्धा को और तेज कर सकती है।







