योगेंद्र मलिक
देहरादून, 26 अप्रैल 2026:
उत्तराखंड में विश्व प्रसिद्ध हेमकुंट साहिब यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। रविवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी से उनके सरकारी आवास पर गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने मुलाकात कर यात्रा की व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
इस दौरान नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने मुख्यमंत्री को आगामी 20 मई को आयोजित होने वाले पहले जत्थे के विदाई समारोह में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। यह पहला जत्था पारंपरिक रूप से पंज प्यारों के नेतृत्व में रवाना होगा। यह इस पवित्र यात्रा की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है।
सीएम धामी ने साफ किया कि राज्य सरकार इस बार यात्रा को पहले से अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। हर स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है जिससे किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े।
बिंद्रा ने जानकारी दी कि 23 मई को हेमकुंट साहिब के कपाट विधिवत रूप से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके बाद देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु गुरु गोबिंद सिंह जी की तपोभूमि के दर्शन के लिए पहुंचेंगे।
गौरतलब है कि समुद्र तल से करीब 15,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित हेमकुंट साहिब सिख धर्म का अत्यंत पवित्र तीर्थ स्थल है। हर साल कठिन परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता है। इस बार भी प्रशासन और ट्रस्ट के समन्वय से यात्रा को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने की तैयारी पूरी रफ्तार पर है।






